बालोद। नगर की आधारभूत समस्याओं को लेकर अब व्यापारिक संगठन भी सक्रिय हो गया है। चेंबर ऑफ कॉमर्स बालोद इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष हरीश सांखला के नेतृत्व में चेंबर प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी से मुलाकात कर जलभराव सहित अन्य नागरिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से नए बस स्टैंड में जलभराव की गंभीर समस्या और नगर के भीतरी मार्गों पर बने गड्ढों को लेकर चिंता जताई। बरसात के दौरान व्यापारियों और आमजन को हो रही परेशानी को गंभीरता से उठाया गया।

चेंबर अध्यक्ष सांखला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी व्यापारिक गतिविधियों पर सीधा असर डाल रही है। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो व्यापारी वर्ग आंदोलन के लिए विवश होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी नगर प्रशासन की होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि बरसात के बीच प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य किया जाएगा।
इस दौरान जैन श्री संघ के अध्यक्ष ताराचंद सांखला,संतोष पाढ़ी,हेमराज जज्ञासी,चेतन ढेलड़िया, सुन्नू साहू, मांगीलाल जैन,श्रवण टावरी,राजू सांखला सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।




















