प्रदेश रूचि

मछली पकड़ने गया युवक अगली सुबह मिला लहूलुहान! कौन है प्रीत की मौत का गुनहगार?

आमाडुला बांध में युवक की लहूलुहान लाश मिलने से सनसनी, चेहरे व शरीर पर धारदार हथियार से कई वार
डौंडी थाना क्षेत्र की बड़ी वारदात, हत्या की आशंका पर पुलिस जांच में जुटी

बालोद,  | जिले के डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाडुला बांध के समीप एक युवक की खून से सनी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चिहरो निवासी 22 वर्षीय प्रीतराम गोटा पिता हीराम गोटा के रूप में हुई है। युवक के चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वारों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक का शव आमाडुला बांध के किनारे स्थित मंशा राम मंडावी के खेत में मिला, जो पूरी तरह खून से सना हुआ था।

घर से निकला था दोस्तों के साथ मछली पकड़ने

परिजनों ने बताया कि प्रीतराम सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने मोबाइल को घर पर ही छोड़कर निकला था। उसने बताया था कि वह दोस्तों के साथ मछली पकड़ने जा रहा है। लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह उसका शव आमाडुला बांध क्षेत्र में मिला।

हत्या की आशंका, कई बिंदुओं पर जांच शुरू

प्रीतराम के चेहरे और शरीर पर गहरे घाव हैं, जो किसी धारदार हथियार से किए गए प्रतीत होते हैं। इससे यह आशंका मजबूत हो रही है कि युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। हालांकि हत्या किन परिस्थितियों में और किसने की, इसे लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

डौंडी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले की जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों में दहशत

घटना की जानकारी फैलते ही आमाडुला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। शांत क्षेत्र माने जाने वाले इस इलाके में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने भी लिया संज्ञान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद ने भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है और थाना प्रभारी को जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय पुलिस हत्या, आपसी रंजिश या अन्य किसी आपराधिक कारण की जांच में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवक की हत्या किन कारणों से और किसने की है। मामले से जुड़े हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!