बालोद/गुरूर – गुरूर थाना क्षेत्र में ट्राली चोरी की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझा ली है। एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो ट्रालियां, एक ट्रैक्टर, एक पिकअप, गैस कटर, गैस सिलेंडर और दो ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त किए गए हैं। आरोपी चोरी की ट्राली को काटकर बेचने की फिराक में थे।
पूरा मामला तब सामने आया जब ग्राम कुलिया निवासी खिलेश्वर साहू ने गुरूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5-6 जुलाई की रात उनके ट्रैक्टर की ट्राली चोरी हो गई है। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और एक टीम बनाई गई। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर सबसे पहले दो युवकों — ईशांत साहू और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूलते हुए चोरी की ट्राली को बेचने की साजिश का खुलासा किया।
आरोपियों ने बताया कि ट्राली को पुरूर होते हुए धमतरी बायपास के रास्ते ग्राम सांकरा के पास आरोपी राजेश बांधे से मिलकर ग्राम भोथली स्थित गौठान में खड़ा किया गया था। वहां राजेश बांधे ने अपने साथी पवन कुमार ध्रुव के साथ मिलकर ट्राली को गैस कटर से काटकर कबाड़ में बेचने की तैयारी कर ली थी।
ईशांत की निशानदेही पर गौठान से ट्राली और अन्य उपकरण बरामद किए गए। आरोपियों के मेमो के आधार पर एक और नीली ट्राली ग्राम हथौद से बरामद की गई, जो थाना सनौद से चोरी हुई थी। चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन और ट्रैक्टर को परसोदा और अंगारी गांव से जब्त किया गया। वही पुलिस ने मामले में ईशांत साहू, 20 वर्ष, निवासी अंगारी, जिला बालोद ,राजेश बांधे, 38 वर्ष, निवासी मकेश्वर वार्ड, धमतरी, पवन कुमार ध्रुव, 37 वर्ष, निवासी जालमपुर, धमतरी और एक विधि संघर्षरत बालक (नाबालिग) में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जांच में इनकी रही अहम भूमिका:
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन में, एएसपी मोनिका ठाकुर और एसडीओपी बोनीफास एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील तिर्की के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में सउनि हरखराम बघेल, प्रधान आरक्षक राकेश साहू, दिनेश नेताम, पितांबर निषाद, संजय साहू, गिवेंद्र नेताम, पुलेश कटेन्द्र, और सायबर टीम के सदस्य शामिल थे।




















