Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद जिले को मिली बड़ी सौगात: 72 सहायक विज्ञान शिक्षकों की नियुक्ति, स्कूलों में पढ़ाई को मिलेगी रफ्तार

बालोद । लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे बालोद जिले के हाई स्कूलों और हायर सेकेंडरी स्कूलों को आज बड़ी राहत मिली है। राज्य स्तर पर हुई काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद जिले में सहायक शिक्षक विज्ञान के 72 पदों पर नियुक्ति आदेश जारी किए गए। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, उच्च कार्यालय के निर्देशानुसार सोमवार को सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

इनमें से डोंडी विकासखंड अंतर्गत 35 और डोंडीलोहारा विकासखंड अंतर्गत 37 स्कूलों में नियुक्तियां की गई हैं। खास बात यह है कि यह सभी अभ्यर्थी बीएड योग्यताधारी हैं जिन्हें ‘सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला’ के पद पर समायोजित किया गया है।

इस नियुक्ति से जिले के उन शालाओं को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा जहां विज्ञान विषय पढ़ाने के लिए वर्षों से शिक्षक नहीं थे। शिक्षकों की नियुक्ति से जहां कक्षाओं में पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ेगी, वहीं छात्रों को विज्ञान विषय की बेहतर समझ मिल सकेगी।

युक्तियुक्तकरण के बाद मिली राहत
पिछले कुछ महीनों से शिक्षकों की भारी कमी को लेकर शिक्षकों और प्रशासन के बीच टकराव और राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी था। अब इस नियुक्ति से न केवल शालाओं में स्टाफ की कमी दूर होगी, बल्कि शैक्षणिक वातावरण में भी सुधार की उम्मीद की जा रही है।

शिक्षा विभाग का कहना
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य स्तर पर तय प्रक्रिया के अंतर्गत काउंसलिंग में भाग लेकर चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित स्कूलों में पदस्थ किया गया है। जल्द ही सभी नियुक्त शिक्षक स्कूलों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!