
पकड़े गए चालक का नाम जयप्रकाश साहू (निवासी गुरूर, जिला बालोद) है, जो भारी ट्रक (CG 19 BD 7900) लेकर नशे में सड़कों पर दौड़ता मिला। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां उसे आर्थिक सजा दी गई।
राजहरा पुलिस ने यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा के निर्देश पर की। थाना प्रभारी रवि शंकर पाण्डेय ने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। अब हर उस चालक पर कार्रवाई होगी जो तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग या नशे की हालत में गाड़ी चलाता है।
28 जून की घटना बनी थी चेतावनी, अब सख्ती शुरू
आपको बता दें कि 28 जून को गिधाली गांव में एक नशे में धुत ट्रक चालक ने वाहन को सीधे एक घर में घुसा दिया था। सौभाग्य से घरवाले बाल-बाल बच गए थे। इसके बावजूद कई चालक सुधरने का नाम नहीं ले रहे थे। लेकिन अब पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है।
नो-पार्किंग में खड़े ट्रकों पर भी गिरेगी गाज
पुलिस का फोकस सिर्फ शराबी चालकों पर नहीं, बल्कि उन भारी वाहनों पर भी है जो राजहरा नगर के मेन रोड जैसी व्यस्त जगहों पर नो-पार्किंग में ट्रक खड़ा कर देते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। आने वाले दिनों में ऐसे वाहनों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
जनता से अपील – नियम तोड़ोगे तो भुगतना पड़ेगा
पुलिस ने साफ किया है कि सड़कें लापरवाह चालकों की नहीं, आम लोगों की भी हैं। इसलिए अब हर नियम तोड़ने वाले को रोकना ही नहीं, सबक भी सिखाया जाएगा।




















