देवरी (बालोद)। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम मार्री बंगला में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता ने घर के कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 26 वर्षीय विद्या चुरेन्द्र पति येसुवन्त चुरेन्द्र के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह लगभग 8 बजे की है। मृतका के पति येसुवन्त चुरेन्द्र ने बताया कि विद्या ने सुबह स्वयं भोजन बनाया था और वे उस समय खेत में काम कर रहे थे। घर पर उनकी माँ मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने बहू को आवाज दी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कोई उत्तर नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर देखा गया कि विद्या फांसी पर लटकी हुई थी। तत्पश्चात परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार प्रीतम साहू एवं देवरी पुलिस मौके पर पहुँची और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। मृतका का विवाह दिसम्बर 2020 में हुआ था। उसके दो छोटे बच्चे हैं— एक तीन वर्षीय पुत्र और सात माह की एक शिशु।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और प्रत्येक पहलु को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।




















