Skip to main content

प्रदेश रूचि

भारत बना ट्रेकोमा मुक्त, बोडो युवा बना रहे इतिहास, और महिलाओं ने शुरू किया नया बिज़नेस… पर मोदी ने किसे कहा “असली हीरो”? जानिए पूरी खबर में…

‘मन की बात’: योग, यात्रा, महिला शक्ति और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ की 123वीं कड़ी में देशवासियों से सीधा संवाद करते हुए योग से लेकर महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण से लेकर लोकतंत्र की रक्षा तक कई अहम मुद्दों पर बात की।

योग बना जन-जन का अभिमान

पीएम मोदी ने 21 जून को मनाए गए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की झलक साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे विशाखापत्तनम के समंदर किनारे तीन लाख लोगों ने एक साथ योग किया। आदिवासी छात्र, दिव्यांगजन, ITBP जवान, नौसेना के जहाज – हर जगह योग की शक्ति नजर आई। इस बार की थीम “Yoga for One Earth, One Health” रही, जिसे प्रधानमंत्री ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना से जोड़ा।

तीर्थयात्राएं बनीं सेवा का अवसर

कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हो गई है। अमरनाथ यात्रा भी 3 जुलाई से शुरू हो रही है। पीएम ने कहा कि ये यात्राएं सिर्फ श्रद्धा नहीं, सेवा का पर्व होती हैं – लंगर, भंडारे, मेडिकल कैंप और धर्मशालाएं इसकी मिसाल हैं।

भारत बना ट्रेकोमा मुक्त देश, दुनिया ने की तारीफ

स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारत को बड़ी सफलता मिली है। WHO ने भारत को Trachoma मुक्त देश घोषित किया है। यह बीमारी कभी देश में अंधेपन का बड़ा कारण थी। मोदी ने इसे स्वच्छ भारत, जल जीवन मिशन और स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत का नतीजा बताया।

95 करोड़ लोगों को मिल रहा सोशल सिक्योरिटी का लाभ

ILO की रिपोर्ट के हवाले से पीएम ने बताया कि आज देश की 64% आबादी को किसी न किसी सोशल प्रोटेक्शन बेनिफिट का लाभ मिल रहा है, जो 2015 में केवल 25 करोड़ था। इसे उन्होंने सामाजिक न्याय की तस्वीर कहा।

आपातकाल की 50वीं बरसी पर दी यादें ताजा

पीएम मोदी ने देश को 1975 में लगे आपातकाल की याद दिलाई और पूर्व पीएम मोरारजी देसाई, बाबू जगजीवन राम व अटल बिहारी वाजपेयी के ऑडियो क्लिप सुनाकर बताया कि कैसे देशवासियों ने उस काले दौर में लोकतंत्र की रक्षा की।

बोडोलैंड बना फुटबॉल का नया चेहरा

असम के बोडोलैंड में CEM कप के ज़रिए खेलों का उत्सव देखने को मिल रहा है। 3700 से ज्यादा टीमें, 70,000 खिलाड़ी – और इनमें बेटियों की जबरदस्त भागीदारी। पीएम ने बोडो युवाओं की नई पहचान पर गर्व जताया।

एरी सिल्क को मिला GI टैग, मेघालय की महिलाओं को बधाई

पीएम ने मेघालय के एरी सिल्क को अहिंसा सिल्क बताते हुए कहा कि इसकी वैश्विक मांग तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने खादी और वोकल फॉर लोकल को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

महिलाओं की कहानियों से बदली तस्वीर

तेलंगाना की महिलाएं श्रीअन्न (मिलेट्स) से बने बिस्किट को लंदन तक पहुँचा रही हैं। कर्नाटक की महिलाएं ज्वार की रोटियाँ ऑनलाइन बेच रही हैं। मध्यप्रदेश की सुमा उइके मशरूम की खेती से दीदी कैंटीन तक पहुँची हैं। पीएम ने इन महिलाओं को ‘नई दिशा की प्रेरणा’ बताया।

भगवान बुद्ध के अवशेषों को वियतनाम ले जाने पर दुनिया ने जताया आभार

भारत द्वारा वियतनाम में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष ले जाने को पीएम ने संस्कृति और श्रद्धा के पुल की संज्ञा दी। 12 दिन की इस यात्रा में करीब डेढ़ करोड़ लोगों ने दर्शन किए।

पर्यावरण की रक्षा में देश जुटा

पुणे के रमेश खरमाले हों या अहमदाबाद का ‘सिंदूर वन’ अभियान, पीएम ने बताया कि कैसे देशवासी पर्यावरण को लेकर जागरूक हो रहे हैं। महाराष्ट्र के पाटोदा गाँव को कार्बन न्यूट्रल मॉडल बताते हुए उन्होंने स्वच्छता और जिम्मेदारी की मिसाल बताया।

अंतरिक्ष में भारत का परचम

पीएम मोदी ने बताया कि अंतरिक्ष में मौजूद भारतीय पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से उन्होंने बातचीत की। इस ऐतिहासिक मिशन पर वे अगली ‘मन की बात’ में विस्तार से चर्चा करेंगे।

डॉक्टर और CA दिवस की शुभकामनाएं

कार्यक्रम के अंत में पीएम ने 1 जुलाई को मनाए जाने वाले डॉक्टर्स डे और CA डे की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ये दोनों प्रोफेशन देश की रीढ़ हैं।

इस रिपोर्ट को पढ़ने के बाद आप भी बताइए – किस हिस्से ने आपको सबसे ज़्यादा प्रेरित किया? नीचे कमेंट तथा व्हाट्सएप में जरूर साझा करें।

संतोष साहू – 9893162815

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!