Skip to main content

प्रदेश रूचि

गिधाली में घर में घुसा आयरन ओर से भरा ट्रक, बाल-बाल बचे ग्रामीण – प्लांट के ट्रकों से फिर हादसा, ग्रामीणों में आक्रोश

बालोद, दल्लीराजहरा: गिधाली गांव में शनिवार रात करीब 9 बजे एक बड़ा हादसा टल गया, जब आयरन ओर से भरा बेकाबू ट्रक (क्रमांक CG 21 J 8071) तेज़ रफ्तार में एक घर में जा घुसा। ट्रक जनक भूआर्य के मकान में सीधा घुस गया, जिससे मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घर के लोग सुरक्षित बच गए, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।

हादसा डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जहां निको प्लांट के लिए आयरन ओर लेकर आ रहा ट्रक, ड्राइवर की लापरवाही और नशे की हालत के चलते नियंत्रण खो बैठा। ग्रामीणों का आरोप है कि ड्राइवर नशे में धुत था और ट्रक की रफ्तार बेहद तेज़ थी।

पहले भी हो चुके हैं हादसे, प्रशासन अब तक खामोश

गिधाली गांव के ग्रामीणों ने बताया कि यह पहला मौका नहीं है, जब निको प्लांट से जुड़े ट्रकों ने इस तरह के हादसे किए हों। प्लांट तक पहुँचने के लिए माइंस से रात में ट्रक तेजी से दौड़ते हुए गांव से गुजरते हैं, जो जानलेवा बन चुका है।

ग्रामीणों का कहना है कि दल्लीराजहरा में नो-एंट्री खुलने के बाद, ट्रक चालक स्पर्धा में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में गांव के बीच से तेज रफ्तार में निकलते हैं। इनमें से कई चालक नशे में भी पाए जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

प्रशासनिक बेपरवाही से नाराज़ हैं ग्रामीण

गांव वालों ने पूर्व में कई बार बालोद यातायात विभाग से लेकर स्थानीय प्रशासन तक शिकायत की है, लेकिन न ट्रकों की रफ्तार कम हुई, न ही नशे में वाहन चलाने पर कोई कार्रवाई हुई।

गांव में न तो कोई चेतावनी बोर्ड है, न ही कोई गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर)। ग्रामीणों की जान हर रोज़ खतरे में रहती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि:

ट्रकों की गति पर नियंत्रण हो

नशे में पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो

गांव के भीतर स्पीड ब्रेकर व मुख्यमार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं

 

गांववालों की मजबूरी: डर के साए में जी रहे हैं लोग

जनक भूआर्य, जिनके घर में ट्रक घुसा, ने बताया – “रात को वे लोग घर दूसरे हिस्से में थे इस बीच अचानक धमाके की आवाज आई। और आकार देखे तो ट्रक घर के अंदर घुस चुका था गनीमत रही कि उस वहां पर कोई नही था और भगवान की कृपा से हम सब बच गए। लेकिन कल किसके घर में हादसा होगा, कोई नहीं जानता।” 

वहीं ग्रामीण और भाजपा नेता ने कहा –

इस घटना के बाद गिधाली निवासी और भाजपा नेता टिकेंद्र ने कहा कि आज ग्रामीण इन बेकाबू और अनियंत्रित ट्रकों से इतने भयभीत है कि ग्रामीण रोज़ अपने बच्चों को बाहर भेजते समय डरते हैं। इन ट्रकों से गांववालों की जिंदगी हर दिन खतरे में है।”

प्रशासन कब जागेगा?

गिधाली की यह घटना प्रशासन के लिए एक सख्त चेतावनी है कि यदि अब भी ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह लापरवाही बड़ी जानलेवा बन सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!