शाला प्रवेश उत्सव और भूमिपूजन कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीणों को दी प्रेरणा
बालोद। जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने आज विकासखंड गुरूर के ग्राम परसोदा (ड.) और ओटेबंद में दो महत्वपूर्ण आयोजनों में शिरकत कर जनसम्पर्क एवं जनसेवा का संदेश दिया।

ग्राम परसोदा (ड.) में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में जिप अध्यक्ष चंद्राकर ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक कर, मिठाई खिलाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को मेहनत, ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा —”शिक्षा ही सफलता की सच्ची कुंजी है। जीवन में कोई भी काम छोटा नहीं होता, सोच बड़ी होनी चाहिए।”
अपने संक्षिप्त लेकिन प्रभावी संबोधन में उन्होंने शिक्षकों के सम्मान और मार्गदर्शन को जीवन में जरूरी बताते हुए बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इसी दिन ग्राम ओटेबंद में आयोजित कार्यक्रम में दस लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन करते हुए जिप अध्यक्ष चंद्राकर ने कहा —”यह भवन ग्रामीणों के सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए एक सशक्त मंच बनेगा।” उन्होंने सभी ग्रामीणों को इस नवीन कार्य के लिए बधाई दी।
इन कार्यक्रमों में उनके साथ जिला पंचायत सभापति कांति सोनेश्वरी, जनपद अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप साहू, ओटेबंद सरपंच जीवन साहू, परसोदा सरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जिप अध्यक्ष चंद्राकर के नेतृत्व में शिक्षा और विकास की नई लकीर खींची जा रही है, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को सहभागिता का अवसर मिल रहा है।




















