केदारनाथ – केदारनाथ यात्रा के दौरान आज एक बड़ा हादसा हो गया। आर्यन एविएशन का बेल 407 हेलिकॉप्टर (VT-BKA) सुबह उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हेलिकॉप्टर में पांच यात्री, एक बच्चा और एक पायलट सवार था।
हेलिकॉप्टर ने सुबह 5:10 बजे गुप्तकाशी से उड़ान भरी थी और 5:18 बजे केदारनाथ हेलीपैड पर उतरा। वहां से यह 5:19 बजे वापसी के लिए रवाना हुआ, लेकिन करीब 5:30 से 5:45 बजे के बीच गौरीकुंड के पास हादसे का शिकार हो गया।
बताया जा रहा है कि घाटी में मौसम खराब था और चारों ओर बादल छाए थे। इसके बावजूद हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी, जिससे यह शक जताया जा रहा है कि हादसा पहाड़ से टकराने की वजह से हुआ। हादसे के असली कारणों की जांच विमान हादसा जांच टीम करेगी।
फिलहाल एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
हादसे के बाद सरकार की बड़ी कार्रवाई
हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपात बैठक बुलाई और कुछ बड़े फैसले लिए गए:
आर्यन एविएशन की चारधाम यात्रा के लिए सेवाएं तुरंत बंद कर दी गई हैं।
ट्रांसभारत एविएशन के दो हेलिकॉप्टर भी खराब मौसम में उड़ते पकड़े गए, इनके पायलटों के लाइसेंस 6 महीने के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं।
15 और 16 जून को केदारनाथ क्षेत्र में कोई भी हेलिकॉप्टर सेवा नहीं चलेगी।
दोबारा उड़ान शुरू करने से पहले सभी ऑपरेटरों और पायलटों की जांच की जाएगी।
एक नया कंट्रोल रूम बनाया जाएगा जो उड़ानों पर नजर रखेगा और खतरे की हालत में तुरंत एक्शन लेगा।
हवाई सुरक्षा विभाग (DGCA) के अधिकारी मौके पर तैनात किए जा रहे हैं ताकि नियमों की सही तरीके से निगरानी हो सके।
सरकार का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जो भी नियमों की अनदेखी करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




















