जशपुर में डेढ़ साल की मासूम के साथ दरिंदगी — आरोपी रिश्तेदार गिरफ्तार
जशपुर (छत्तीसगढ़)।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। बगीचा थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने अपने ही करीबी रिश्तेदार की डेढ़ साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म जैसा जघन्य अपराध किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची घर के पास मोहल्ले में खेल रही थी, तभी आरोपी — जो शराब के नशे में था — उसे बहला-फुसलाकर एक कमरे में ले गया। वहाँ उस हैवान ने मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।
घटना के बाद जब बच्ची के प्राइवेट पार्ट से रक्तस्राव हुआ, तो आरोपी उसे उठाकर बच्ची की मां की गोद में डालकर मौके से फरार हो गया। परिजन बच्ची को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे और साथ ही पुलिस को भी सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। बच्ची के साथ उसका पारिवारिक संबंध था, जिसका उसने गलत फायदा उठाया।
बगीचा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कपिल सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 65 और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा: “घटना अत्यंत गंभीर और शर्मनाक है। आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जा रही है।”
“यह मामला न सिर्फ एक मासूम की अस्मिता पर हमला है, बल्कि समाज के लिए चेतावनी भी है कि बच्चों की सुरक्षा में जरा सी लापरवाही भी कितनी भयावह हो सकती है। रिश्तों की आड़ में पनपती राक्षसी मानसिकता से सतर्क रहना आज की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है।”
नोट: इस खबर में पीड़िता की पहचान से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा नहीं की गई है। हमारा उद्देश्य केवल अपराध को उजागर कर समाज में चेतना फैलाना है।




















