प्रदेश रूचि

बालोद जिला पंचायत की पहली बैठक में गूंजे जनहित के मुद्दे: अवैध खनन, सड़क जर्जरता और एनिमिया जांच के नाम पर डीएमएफ फंड के दुरुपयोग पर हंगामा

बालोद : जिला पंचायत की पहली सामान्य सभा में गूंजे जनहित के मुद्दे, अवैध रेत खनन और सड़क मरम्मत को लेकर हंगामा

बालोद। त्रिस्तरीय आम निर्वाचन 2025 के उपरांत गठित नवीन जिला पंचायत कार्यकारिणी की पहली सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चन्द्रकार ने की।

बैठक के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने जिले की सभी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (सोसायटी) में समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि किसानों को भटकना न पड़े और निजी दुकानदारों द्वारा अधिक दाम में खाद-बीज की बिक्री रोकी जा सके। किसानों को खेती के पहले ही आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की बात कही गई।

सड़क मरम्मत के मुद्दे भी बैठक में छाए रहे। सदस्यों ने ईरागुड़ा से भोथीपार खपरी (ब), बटरेल से कुथरेल और मूंदेरा मार्ग की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए तत्काल मरम्मत की आवश्यकता बताई। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बटरेल से कुथरेल सड़क के लिए स्वीकृत राशि और टेंडर की स्थिति की जानकारी मांगी गई। मूंदेरा मार्ग के गड्ढों की पेंच मरम्मत शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।

चाराचार से पायला मार्ग की मरम्मत के संबंध में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता (ईई) को कार्रवाई हेतु कहा गया।

बैठक में जिले के मर्रामखेड़ा और भैंसमुड़ी क्षेत्र में चल रहे अवैध रेत खनन का मुद्दा जोर-शोर से उठा। लेकिन बैठक में खनिज अधिकारी (डीएमओ) की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने गहरी नाराजगी जताई। साथ ही जिला आबकारी अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के ईई और वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई गई। सदस्यों ने प्रभारी जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से इन अधिकारियों को नोटिस जारी करने की मांग की।

अवैध शराब बिक्री का उठा मुद्दा-

सामान्य सभा की बैठक में आबकारी विभाग के संरक्षण में जगह जगज अवैध शराब बिक्री का मुद्दा जोरो से उठा। सदस्यों से कहा कि आबकारी विभाग इसपर अंकुश नही लगा पा रहा है। खुलेआम ढाबों में शराब परोसे जा रहे है। आबकारी एवं पुलिस विभाग कार्यवाही नही करते, और अगर करते भी है तो सिर्फ खानापूर्ति कर दी जाती है। वही सदस्यों से जल संसाधन विभाग से जिले में चल रहे कार्यो की और कितने स्थानों में निर्माणधीन लाइनिंग कार्यों की जानकारी मांगी।

विमान हादसे में दिवंगतों को दी गई श्रद्धांजलि-

जिला पंचायत के सामान्य सभा की पहली बैठक के दौरान बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया गया। इस दौरान बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गुरूवार को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने विमान हादसे में दिवंगत हुए लोगों के सम्मान में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, जिला पंचायत के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक सहित विभिन्न समितियों के सभापति, जिला पंचायत सदस्यों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

डीएमओ को हो नोटिस जारी- मिथलेश निरोटि

जिला पंचायत सदस्य मिथलेश निरोटी ने डौंडी ब्लॉक के गावों में एनीमिया की जांच करने पहुची टीम और खनिज न्यास निधि से एनीमिया मुक्त कार्यक्रम के लिए स्वीकृत राशि का मुद्दा उठाया और जांच की मांग की। उन्होंने सीएमएचओ से पूछा कि किस मापदंड के तहत एजेंसी तय हुई है, जिसपर सीएमएचओ जवाब नही दे पाए। ग्राम गिधाली में 3 शिक्षक पदस्थ थे, जिसमे एक दृष्टिबाधित है और दूसरा पैर से विकलांग है, और तीसरा शिक्षक जो कि सामान्य है, उसका युक्तियुक्तिकरण के तहत अन्यत्र जगह भेज दिया गया। उस शिक्षक को यथावत रखने कहा गया। इसके अलावा अरमुरककसा में एक शिक्षिका को ग्रामीणों की शिकायत पर हटा दिया गया था, लेकिन अभी युक्तियुक्तिकरण के तहत पुनः उसी गांव में उसी शिक्षिका को भेज दिया गया, जिसका विरोध किया गया। जिला पंचायत सदस्य मिथलेश ने खाद्य का भी मामला जोरों से उठाया, लेकिन बैठक में जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) की उपस्थिति नहीं होने से उन्होंने भारी नाराजगी जाहिर की और जिला पंचायत के प्रभारी सीईओ को नोटिस जारी करने की बात कही। वही उन्होंने कुछ दिनों पहले ग्राम ओटेबन्द में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में।मासूम बच्चों से प्लेट धुलवाने का मुद्दा भी उठाया। जर्जर आंगनबाड़ीयों को बारिश के पहले मरम्मत कार्य करने की बात अधिकारी को कही।

इस सामान्य सभा बैठक जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू ने भी कई मुद्दों को उठाया जिसमे युक्तियुक्तकरण पर जाँच कमेंटी बनाने की के सम्बंध मे तथा जर्ज़र सड़क के सुधार और जगन्नाथपुर सांकरा स्कूल का मुद्दा,जल जीवन मिशन के बारे में सामान्य सभा में मुद्दा उठाए

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य नीलिमा श्याम ने अपने क्षेत्र के कई समस्यायों को जोर शोर से उठाया जिसमे ग्राम पंचायत धोबनी (अ) के आश्रित ग्राम कुरूभाट में आंगनबाड़ी एक साल से जर्जर हो गया है, जिनके कारण बच्चों को बैठने में असुविधा होती है, भवन बहुत ज्यादा जर्जर हो जाने के कारण अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती है। एवं बच्चों को किसी अन्य व्यक्ति के घर में अध्ययन कराया जाता है। एवं यह स्थिति प्रति सप्ताह एक नये मकान में स्थानांतरित किया जाता है, जिसके कारण बच्चों को बैठने में बहुत ज्यादा परेशानी होता है। चूंकि बच्चे नौनिहाल होते हैं अतः उन बच्चों के मानसिक स्तर को भी प्रभावित करता है।

साथ ही नीलिमा श्याम ने ग्राम पंचायत खल्लारी में उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन अत्यंत जर्जर हो जाने के कारण उप स्वास्थ्य केन्द्र का संचालन ग्राम पंचायत भवन खल्लारी में किया जा रहा है। जिसके आम जनता को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चूंकि उचित आवागमन न होने अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!