प्रदेश रूचि

कलेक्टर का स्पष्ट संदेश “प्रवेशोत्सव बने प्रेरणोत्सव – हर स्कूल में हो नशामुक्ति की शपथ”

बालोद जिले में भव्यता से मनेगा शाला प्रवेशोत्सव: कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा
स्कूल-कॉलेजों में नशामुक्ति कार्यक्रम अनिवार्य, शैक्षणिक परिसरों के 100 मीटर दायरे में प्रतिबंधित होगी मादक पदार्थों की बिक्री

बालोद, । कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आगामी 16 जून से प्रारंभ हो रहे शिक्षा सत्र के अवसर पर जिले के सभी शालाओं, संकुलों, विकासखण्ड एवं जिला स्तर पर शाला प्रवेशोत्सव को भव्य और गरिमामय रूप से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल शिक्षण सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि हमारे भविष्य के निर्माताओं – बच्चों – के स्वागत, सम्मान और प्रेरणा का पर्व होना चाहिए।

कलेक्टर मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय में संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक लेते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले भर में नशामुक्ति अभियान को गति दी जाए तथा स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों के बीच नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित हों।

प्रवेशोत्सव में आमंत्रित होंगे जनप्रतिनिधि, सम्मानित होंगे मेधावी छात्र

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रवेशोत्सव के आयोजन में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्योता भोज, मेधावी विद्यार्थियों एवं श्रेष्ठ पालकों का सम्मान, और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ इस उत्सव को विशेष बनाएँगी।

नशामुक्ति अभियान के लिए विशेष कार्ययोजना

बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बच्चों को बचपन से ही नशे से दूर रखने के लिए शैक्षणिक परिसरों के 100 मीटर दायरे में मादक पदार्थों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित की जाए। सभी शिक्षण संस्थानों में नशा विरुद्ध शपथ कार्यक्रम, सूचना पटल पर शपथ पत्र का प्रदर्शन और स्कूलवार मनोचिकित्सकों की नियुक्ति के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य, शालाओं का होगा निरीक्षण

कलेक्टर  मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी शिक्षक समय पर शालाओं में उपस्थित हों और निर्धारित समय तक शाला में रहें। उन्होंने बताया कि वे स्वयं और वरिष्ठ अधिकारी नियमित निरीक्षण के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे।

इस बैठक में अपर कलेक्टर चन्द्रकांत कौशिक, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी  डीपी कोसरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश सूर्यवंशी, उप संचालक समाज कल्याण विभाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!