प्रदेश रूचि

नाम बदला, शहर बदला… पर नहीं बच सका!… बालोद पुलिस ने 4 साल से फरार रेप,तस्करी, आरोपी को दबोचा

4 साल से फरार बलात्कार का आरोपी बालोद पुलिस के हत्थे चढ़ा, उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया दीपक उर्फ इकर खान

बालोद, चार साल से कानून की आँखों में धूल झोंक कर फरार चल रहा एक शातिर अपराधी आखिरकार बालोद पुलिस की पकड़ में आ ही गया। पोक्सो एक्ट, बलात्कार और मानव तस्करी जैसे संगीन अपराधों का आरोपी दीपक उर्फ इकसर उर्फ इकर खान को उत्तर प्रदेश के ललितपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए नाम और ठिकाना बदल लिया था, लेकिन बालोद पुलिस की सटीक रणनीति और दबिश ने उसके सभी नकाब उतार दिए।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के नेतृत्व में लगातार चल रहे फरार अपराधियों की निगरानी और गिरफ्तारी के विशेष अभियान का हिस्सा थी। एसडीओपी देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने आरोपी की पुरानी गतिविधियों को खंगालते हुए ललितपुर के जाखलौन थाना क्षेत्र तक उसका सुराग निकाला।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में बालोद थाना में दर्ज प्रकरण क्रमांक 354/2021 में आरोपी पर धारा 363, 366, 370, 376, 34 भादवि और पोक्सो एक्ट की धाराएं 4, 5, 6 के तहत मामला दर्ज था। प्रारंभिक दबिश में वह फरार हो गया था और नाम बदलकर ‘दीपक’ बनकर रह रहा था। पुलिस टीम ने जमीनी स्तर पर सूचना जुटाई और स्थानीय थाना की मदद से संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना असली नाम इकर खान और अपराध में संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपी ने न सिर्फ पीड़िता से बलात्कार किया, बल्कि उसे बेचने के अपराध में भी भूमिका निभाई थी। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस की कार्रवाई में ये रहे प्रमुख चेहरे:

एसडीओपी देवांश सिंह राठौर

थाना प्रभारी रविशंकर पांडे

एएसआई धरम भूआर्य

प्रधान आरक्षक योगेश सिंहा

आरक्षक दुर्योधन यादव, भोप साहू, विपिन गुप्ता

“टीम ने सटीक योजना, मेहनत और सतत निगरानी के जरिए आरोपी को पकड़कर यह साबित कर दिया कि कानून से कोई कितना भी भागे, पर बच नहीं सकता।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!