Skip to main content

प्रदेश रूचि

तांत्रिक के जाल में फंसी महिला लेखा अधिकारी, 36 लाख की ठगी..पुलिस बाबा को किया गिरफ्तार

 तांत्रिक के जाल में फंसी महिला लेखा अधिकारी, 36 लाख की ठगी… अब मकान हड़पने की धमकी

दुर्ग – दुर्ग में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक महिला अधिकारी से करोड़ों की ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद को ‘सिद्ध गुरु’ बताने वाले एक तांत्रिक बाबा ने न सिर्फ महिला से 36 लाख 66 हजार रुपये हड़प लिए, बल्कि अब उनके मकान को भी हड़पने की साजिश रच रहा है।

पीड़िता पल्लवी जायसवाल, जो पेशे से लेखा अधिकारी हैं, ने पुलिस को बताया कि आरोपी कुलदीप पंडित से उनकी मुलाकात 2022 में कालीबाड़ी मंदिर के पुजारी परिचय मिश्रा के माध्यम से हुई थी। कुलदीप, जो हरियाणा के रोहतक का निवासी है, ने खुद को सिद्ध तांत्रिक बताते हुए कुंडली में ‘गंभीर ग्रह दोष’ का डर दिखाया और महापूजन व तांत्रिक अनुष्ठान कराने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए।

पीड़िता ने जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 तक अलग-अलग किश्तों में कुल 36 लाख 66 हजार रुपये कुलदीप द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर किए। यह रकम महिला ने विभिन्न बैंकों से लोन लेकर जुटाई थी।

अब यह तांत्रिक आरोपी महिला पर उनके मकान की रजिस्ट्री अपने नाम कराने का दबाव बना रहा है। मना करने पर वह कथित तंत्र विद्या से जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। हाल ही में वह पीड़िता के अपार्टमेंट तक पहुंचा था, जिसकी पुष्टि वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने भी की है।

दुर्ग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी कुलदीप पंडित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, उसके एक सहयोगी की भी तलाश की जा रही है, जो महिला को बार-बार फोन कर डराने की कोशिश कर रहा था।

एएसपी दुर्ग पद्मश्री तंवर ने कहा कि “आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। महिला से की गई ठगी के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सहयोगी पर भी कार्रवाई की जाएगी।”

यह मामला न सिर्फ एक आर्थिक अपराध है, बल्कि सामाजिक रूप से भी चेतावनी है कि आज भी कैसे पढ़ी-लिखी महिलाएं झूठे तांत्रिकों के चंगुल में फंस रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में सजग रहें और किसी भी अंधविश्वास में न फंसे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!