Skip to main content

प्रदेश रूचि

CM विष्णुदेव साय ने पेश की ‘विकास और विजय’ की रिपोर्ट, गृहमंत्री शाह ने की सराहना

नक्सलवाद पर निर्णायक वार: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात427 नक्सली ढेर, 1,428 ने हथियार डाले – बस्तर में विकास और विश्वास का नया अध्याय

नई दिल्ली, छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे और बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर राज्य सरकार के प्रयास निर्णायक मोड़ पर पहुंचते दिख रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की और उन्हें माओवादी विरोधी अभियानों की उपलब्धियों व बस्तर में जारी विकास कार्यों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य की नई रणनीति और केंद्र के सहयोग से पिछले डेढ़ वर्ष में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। अब तक 1,428 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है – यह आंकड़ा बीते पांच वर्षों की तुलना में कहीं अधिक है। वहीं 205 मुठभेड़ों में 427 माओवादी मारे गए, जिनमें शीर्ष नेतृत्व के खतरनाक नाम – महासचिव बसवा राजू और सेंट्रल कमेटी के सदस्य सुधाकर – भी शामिल हैं।

इस अभियान के साथ ही राज्य सरकार ने सुरक्षा ढांचे को भी मजबूत किया है। अब तक 64 नए फॉरवर्ड सुरक्षा कैंप बस्तर क्षेत्र में स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, बल्कि वहां बसे गांवों में अब विकास की रोशनी भी पहुंच रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन सुरक्षा कैंपों के आसपास के गांवों में अब बिजली, पीने का पानी, स्वास्थ्य सेवाएं और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाएं सुलभ हो रही हैं। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत चिन्हित 146 ग्रामों में 18 प्रकार की सामुदायिक सेवाएं और 25 शासकीय योजनाएं एकीकृत रूप से लागू की जा रही हैं।

विश्वास और विकास की दोहरी रणनीति

मुख्यमंत्री साय ने यह भी रेखांकित किया कि शासन की मंशा सिर्फ माओवादी नेटवर्क को तोड़ना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना भी है। यही कारण है कि सरकार अब “लाठी और लोरी” दोनों के संतुलन के साथ काम कर रही है – जहां जरूरत हो सख्ती, और जहां जरूरत हो सेवा।

गृहमंत्री शाह ने की सराहना

गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के समर्पित प्रयासों से माओवादी गतिविधियों पर निर्णायक नियंत्रण संभव हो रहा है। उन्होंने राज्य को केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!