बालोद। जिले के दल्लीराजहरा शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से अधूरी पड़ी जल आवर्धन योजना को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्ण कराने के लिए 4363.28 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वपूर्ण योजना को गति दिलाने में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और बालोद जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा की अहम भूमिका रही है।
2012-13 में शुरू हुई थी योजना, 5 वर्षों तक ठप रहा काम
यह योजना पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय वर्ष 2012-13 में शुरू की गई थी और जून 2016 में 3165.66 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। योजना के अंतर्गत 2018 में दल्लीराजहरा की जनसंख्या 45,853 थी, जो कि 2048 तक बढ़कर अनुमानित 50,148 हो जाएगी। लेकिन दुर्भाग्यवश, विगत 5 वर्षों तक इस योजना पर कोई कार्य नहीं हो पाया और योजना पूरी तरह ठप रही।
तांदुला जलाशय से होगी पानी की आपूर्ति, लागत में इज़ाफा
नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने जानकारी दी कि पहले योजना में गोदंली जलाशय से पानी आपूर्ति का प्रावधान था, जिसे अब तांदुला जलाशय से जोड़ दिया गया है। इस बदलाव के कारण योजना की लागत 3165.66 लाख से बढ़कर 4363.28 लाख हो गई है। अब तक की गई 2516.25 लाख की लागत से कुछ कार्य किए गए थे, लेकिन समय पर पूरा न होने के कारण कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
अब एक वर्ष में मिलेगा घर-घर नल जल
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि उनके कार्यकाल में योजना की गहन समीक्षा की गई और नगर पालिका की 30% अंशदान राशि तय कर परिषद द्वारा निर्णय लिया गया कि 15वें वित्त आयोग की राशि सीधे पीएचई विभाग को ट्रांसफर की जाए। इसके साथ ही उन्होंने शासन स्तर पर लगातार प्रयास कर योजना को पुनः स्वीकृत कराया।अब तय समयसीमा के अनुसार अगले 1 वर्ष में दल्लीराजहरा शहर के हर घर में नल जल की सुविधा उपलब्ध होगी।
जनप्रतिनिधियों और परिषद का रहा महत्वपूर्ण योगदान
इस योजना के लिए नगर पालिका परिषद, भाजपा संगठन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सामूहिक सहयोग रहा। जिनमें प्रमुख रूप से उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री विजय शर्मा,भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख,नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे (पिंटू), सौरभ लूनिया सुदेश सिंह, राजेश दशोड़े, राजकुमार कुकरेजा, सुरेश जायसवाल, महेश पाण्डेय, गोंविद वाधवानी, राकेश द्विवेदी,पार्षदगण: सुदेश सिंह, राजेश दशोड़े, राजकुमार कुकरेजा, सुरेश जायसवाल,मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, महामंत्री रमेश गुज्जर,महिला एवं युवा पार्षद: प्राची चंदू, पूनम सोरी, शिवांगी ध्रुव, कालिंदी तिवारी, बॉबी छतवाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि, “हमारी सरकार ने जनता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए योजना को पुनः स्वीकृत किया है और इसे तय समय में पूर्ण किया जाएगा।”
💧 अब उम्मीद है कि वर्षों से जल संकट से जूझ रहे दल्लीराजहरा के नागरिकों को शीघ्र ही राहत मिलेगी और हर घर में शुद्ध पेयजल की सुविधा सुनिश्चित होगी।




















