प्रदेश रूचि

“मंत्रिपरिषद के फैसलों पर बालोद भाजपा की एकजुट प्रतिक्रिया – गांव, गरीब, युवा, संस्कृति सबको साथ लेकर चलने वाली नीति”

मंत्रिपरिषद के ऐतिहासिक फैसलों पर बालोद के भाजपा नेताओं ने दी प्रतिक्रिया, बताया विकास के नए युग की शुरुआत

बालोद, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज हुई छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का बालोद जिले के भाजपा नेताओं ने स्वागत किया है। नेताओं ने इन फैसलों को आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने वाला और राज्य को प्रगति की नई दिशा देने वाला बताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा

“स्थानांतरण नीति में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की जो पहल की गई है, वो स्वागतयोग्य है। खासकर ग्रामीण और अनुसूचित क्षेत्रों में रिक्त पदों को भरने पर जोर देना एक संवेदनशील सोच को दर्शाता है। ई-ऑफिस से आदेश जारी करने की व्यवस्था से भ्रष्टाचार पर भी लगाम लगेगी।”

जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा

“गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए होमस्टे नीति बेहद असरदार कदम है। इससे बस्तर, सरगुजा जैसे इलाकों में पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। ये प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन के अनुरूप है।”

वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत जैन ने कहा

“कलाग्राम और तीरंदाजी अकादमी जैसी योजनाएं राज्य की सांस्कृतिक और खेल प्रतिभाओं को मंच देंगी। इससे नवा रायपुर सिर्फ राजधानी नहीं बल्कि सांस्कृतिक और खेल हब बनकर उभरेगा।”

डौंडी लोहारा भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने कहा

“महिलाओं और युवाओं के लिए ‘युवा रत्न सम्मान’ जैसी योजनाएं बहुत प्रेरक हैं। इससे गांव और कस्बों के युवा आगे आएंगे, जो आज तक मंच से दूर थे। ये सच्चे मायनों में जमीनी विकास की झलक है।”

देवरी भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक वैष्णव बोले

“दामाखेड़ा का नाम बदलकर ‘कबीर धर्मनगर’ किया जाना सिर्फ नाम परिवर्तन नहीं बल्कि हमारी आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने का कार्य है। ये कबीरपंथियों की आस्था का सम्मान है और सरकार की समावेशी सोच को दिखाता है।”

डौंडी लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेंद्र सिंह टेकाम ने कहा

“किफायती जन आवास योजना आम लोगों के लिए राहत लेकर आई है। अब गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को शहरों में अपना आशियाना मिल सकेगा, वो भी बिजली-पानी-सड़क जैसी सुविधाओं के साथ। इससे अवैध प्लाटिंग पर भी रोक लगेगी।”

जन-जन के हित में लिए गए फैसले

बालोद जिले के भाजपा नेताओं ने मंत्रिपरिषद के सभी 9 फैसलों को जनता की भावनाओं के अनुरूप बताया और कहा कि इससे छत्तीसगढ़ न केवल प्रशासनिक रूप से मजबूत होगा, बल्कि सामाजिक और आर्थिक रूप से भी आगे बढ़ेगा।

नेताओं ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ “नवा छत्तीसगढ़” की संकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां गांव, गरीब, युवा, महिला, किसान और हर वर्ग को समान अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!