रायपुर, – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा के महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ने बताया कि 2024 बैच के पाँच आईएएस अधिकारियों—फड़तरे अनिकेत अशोक, अरविंद कुमारन टी., अक्षय डोसी, क्षितिज गुरभेले और विपिन दुबे को छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया गया है।
ये प्रशिक्षु अधिकारी 28 अप्रैल से 20 जून 2025 तक छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद इनकी पदस्थापना सहायक कलेक्टर के रूप में जशपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा और बस्तर जिलों में की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के अनुभव और छत्तीसगढ़ में अब तक की यात्राओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा, “आप ऐसे समय में छत्तीसगढ़ में सेवाएं शुरू कर रहे हैं, जब राज्य में सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं। पिछले डेढ़ साल में राज्य के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। खासकर, छत्तीसगढ़ की नक्सल-प्रभावित छवि अब बदल रही है और जल्द ही राज्य नक्सलमुक्त होगा।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में ‘सुशासन तिहार’ का सफल आयोजन किया गया, जिसके तीसरे चरण में उन्होंने पूरे प्रदेश का भ्रमण कर आम लोगों से फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया। प्रशिक्षु अधिकारियों ने बताया कि उन्हें भी समाधान शिविरों का अनुभव मिला, जो उनके लिए बेहद सीखने योग्य रहा।
प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी देते हुए प्रशिक्षक सीमा सिंह ने बताया कि अधिकारियों को छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक संरचना, शासन प्रणाली, नियम-कानून, विभागीय कार्यप्रणाली, योजनाओं और नीतियों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत और छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर भी उपस्थित थे।




















