इनके साथ हुआ लूट और मारपीट की घटना
बालोद,।अर्जुन्दा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां आरबीएल बैंक के कलेक्शन अधिकारी यज्ञदत्त साहू पर 14 से 15 अज्ञात बदमाशों ने हमला कर लूटपाट की। घटना रात करीब साढ़े सात बजे ग्राम परसतराई के पास हुई। हमलावरों ने अधिकारी के साथ मारपीट करते हुए ₹5,000 नकद और एक चांदी की चेन लूट ली।
बताया गया है कि यज्ञदत्त साहू अपने साथी लिराज उर्फ विक्की मंडल के साथ मोटरसाइकिल (CG 24 T 4350) से कैश कलेक्शन कर अर्जुन्दा से बालोद लौट रहे थे, तभी पीछा करते हुए केटीएम बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोका और गाली-गलौच करते हुए हमला कर दिया। मारपीट में यज्ञदत्त के चेहरे और दोनों हाथों में चोटें आई हैं, जबकि उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
कलेक्शन अधिकारी ने बताया कि उसके बैग में ₹40,000 से ₹45,000 तक की नकदी थी, जो ग्रामीणों की तत्परता से लूटने से बच गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे हमलावर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुन्दा पुलिस सक्रिय हुई और यज्ञदत्त साहू की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 115(2), 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
हमलावरों में से एक की पहचान संभावित रूप से हो चुकी है, जिसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। उसने बाल लंबे रखे थे और कान में बाली पहनी थी। यज्ञदत्त ने बताया कि वह उसे पहले भी अर्जुन्दा में कई बार देख चुके हैं।
पुलिस ने पतासाजी प्रारंभ कर दी है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।




















