बालोद,– अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला बालोद द्वारा आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें परिषद के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिलेभर से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक शामिल हुए। बैठक में पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) के अंतर्गत बालोद जिले में एक सर्वसुविधायुक्त निजी अस्पताल को मान्यता दिलाने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया। परिषद के पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया कि इस मुद्दे को लेकर सभी पूर्व सैनिक एकजुट होकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
इसके साथ ही परिषद ने युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करने एवं उन्हें तैयार करने हेतु अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का ऐलान किया। जिले के सभी ब्लॉकों में यह प्रशिक्षण निःशुल्क दिया जाएगा, जिसमें शारीरिक परीक्षा (फिजिकल) के साथ-साथ लिखित परीक्षा की तैयारी भी शामिल होगी। प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत 10 जून से होगी।
ट्रेनिंग टीम का गठन कर लिया गया है और इच्छुक अभ्यर्थी अपना पंजीयन कराने के लिए मोबाइल नंबर 9009623390 एवं 8839813772 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक की अध्यक्षता जिला प्रभारी केपी तिवारी एवं जिला अध्यक्ष नंदकिशोर साहू ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष देवेंद्र डडसेना, सचिव इंद्रसेन सिंहा, सहसचिव कोमल साहू, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष किशोरनाथ योगी, गुरुर ब्लॉक अध्यक्ष भगवती प्रसाद, गुण्डरदेही ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश साहू, सहित कार्यकारिणी सदस्य एजाज खान, हेमंत साहू, शैलेंद्र साहू, भूपेंद्र साहू, विष्णु साहू, चंद्रशेखर सिन्हा, डीपी मानिकपुरी, खिलूराम साहू तथा लेखराम साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
परिषद का यह प्रयास न केवल पूर्व सैनिकों के कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि जिले के युवाओं को राष्ट्र सेवा हेतु प्रेरित करने का एक सराहनीय उदाहरण भी है।




















