प्रदेश रूचि

“मन की बात में भारत की नई तस्वीर: ऑपरेशन सिंदूर की वीरगाथा, ड्रोन दीदी की उड़ान, जंगल में शिक्षा की क्रांति और ग्लोबल मंच पर योग का आह्वान

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से ‘ड्रोन दीदी’ तक: प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में दिखाया आत्मनिर्भर भारत का चित्र
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से किया ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वच्छता’ का आह्वान

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 122वीं कड़ी में राष्ट्रवासियों को संबोधित करते हुए आतंकवाद, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति जैसे विषयों पर विस्तार से विचार रखे। इस कड़ी की शुरुआत उन्होंने देश को गौरवान्वित करने वाले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वीरगाथा से की, जिसने आतंकवाद के खिलाफ भारत की ताकत और दृढ़ संकल्प को दुनिया के सामने रखा।

‘ऑपरेशन सिंदूर’: साहस, सटीकता और संकल्प की तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जिस Precision के साथ हमारी सेनाओं ने सीमा पार आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया, वो अद्भुत है। यह सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं बल्कि बदलते भारत का प्रतिबिंब है।” उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से देशवासियों के भीतर देशभक्ति की भावना का ऐसा ज्वार उठा कि नवजात शिशुओं तक का नाम ‘सिंदूर’ रखा गया।

उन्होंने इस अभियान को ‘आत्मनिर्भर भारत’ की शक्ति बताते हुए कहा कि इसमें भारत में बने हथियार, उपकरण और टेक्नोलॉजी का अहम योगदान रहा। साथ ही, नागरिकों से अपील की कि वे देश में बनी चीजों को प्राथमिकता दें और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाएं।

काटेझरी में पहली बार पहुंची बस, दंतेवाड़ा बना शिक्षा का केंद्र
प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के माओवादी प्रभावित गांव काटेझरी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां पहली बार बस पहुंची और गांववालों ने इसका स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ किया। साथ ही, छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के उल्लेखनीय शैक्षणिक परिणामों की प्रशंसा की, जिसने दसवीं कक्षा में 95% रिजल्ट के साथ प्रदेश में शीर्ष स्थान पाया।

गिर के शेरों की संख्या में वृद्धि: संरक्षण का उत्साहजनक परिणाम
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि पिछले पांच वर्षों में गुजरात के गिर क्षेत्र में एशियाई शेरों की संख्या 674 से बढ़कर 891 हो गई है। उन्होंने इसे समाज के ‘ownership’ भाव का नतीजा बताया और महिला फॉरेस्ट अधिकारियों की तैनाती को गेम-चेंजर बताया।

उत्तराखंड के ‘जीवन जोशी’ और सिक्किम के ‘क्राफ्टेड फाइबर्स’: लोककला और आत्मनिर्भरता की मिसाल
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के जीवन जोशी का जिक्र किया जो लकड़ी की छाल से अद्भुत कलाकृतियां बनाते हैं। वहीं, सिक्किम के डॉ. चेवांग नोरबू भूटिया द्वारा शुरू की गई Crafted Fibers पहल को ग्रामीण उद्यमिता और पारंपरिक हुनर का सुंदर संगम बताया।

‘ड्रोन दीदी’ बनीं ‘स्काय वॉरियर्स
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की महिलाओं के ड्रोन द्वारा कृषि कार्यों में क्रांति लाने को प्रधानमंत्री ने “तकनीक और संकल्प के मेल का प्रमाण” बताया। ये महिलाएं अब ‘स्काय वॉरियर्स’ के नाम से जानी जा रही हैं।

योग और आयुर्वेद को वैश्विक पहचान
प्रधानमंत्री ने आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) की चर्चा करते हुए युवाओं से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही, WHO के साथ पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के लिए किए गए MoU का उल्लेख करते हुए इसे ‘आयुष’ के वैश्वीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया।

स्वच्छता की मिसाल: माउंट मकालू से 150 किलो कचरा लाए ITBP के जवान
मोदी ने ITBP की उस टीम को सलाम किया, जो माउंट मकालू की चढ़ाई के दौरान वहां पड़ा 150 किलो से अधिक प्लास्टिक और कचरा वापस लेकर आई। उन्होंने इसे ‘संकल्प से सिद्धि’ का उदाहरण बताया।

‘शुगर बोर्ड’ पहल से बच्चों में जागरूकता
CBSE की ‘शुगर बोर्ड’ पहल का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि स्कूलों में बच्चों को चीनी की खपत को लेकर सचेत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ जीवनशैली की शुरुआत बचपन से ही होनी चाहिए।”

प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ की यह कड़ी देशवासियों को न केवल गौरव और प्रेरणा से भरने वाली रही, बल्कि उन्होंने अनेक मोर्चों पर हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों का चित्रण करते हुए एकजुट राष्ट्र के भविष्य की झलक भी दिखाई।

 

“प्रदेश की रुचि की यह खास खबर आपको कैसी लगी? अपनी राय, सुझाव या विचार हमें ज़रूर भेजें — आपका हर संदेश हमारे लिए महत्वपूर्ण है। संपर्क करें हमारे WhatsApp नंबर पर: 9406208242
अन्य महत्वपूर्ण और रोचक खबरों के लिए हमसे जुड़ें और रहिए हमेशा अपडेट!”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!