प्रदेश रूचि

बंधक बनाकर युवक से मारपीट करने वाले पांच आरोपी जेल भेजे गए.. बालोद जिले के इस थाने का मामला

 

बालोद/ राजहरा। वार्ड क्रमांक 2 पंडरदल्ली में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खुशहाल नोन्हारे उर्फ सिन्नी के मकान में एक युवक को बंद कर रखा गया है और वह मदद के लिए चिल्ला रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर युवक को मुक्त कराया। पीड़ित की पहचान वरणदीप उर्फ करण निवासी अस्पताल सेक्टर, राजहरा के रूप में हुई।

युवक ने बताया कि 20 मई की रात लगभग 8 बजे उसे मानपुर चौक से अगवा कर बालोद के गोंदली नहर किनारे ले जाया गया, जहां चार युवकों ने लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसे खुशहाल के घर लाकर कमरे में बंद कर दिया गया था।

पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान खुशहाल नोन्हारे ने कहा कि “तुम मेरी बहन को रायपुर बुलाते हो, तो पहले बताना चाहिए था”, और चारों ने मिलकर उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित को कई गंभीर चोटें आईं।

पुलिस ने इस मामले में खुशहाल नोन्हारे (25), विशाल चतुर्वेदी उर्फ लक्की (22), सूरज पासवान (23), पंकज कश्यप (18) को 21 मई को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि खुशहाल की बहन श्रृंगार राव (22) ने युवक से शादी की बात की थी, लेकिन वरणदीप द्वारा मना करने पर उसने अपने भाई और उसके दोस्तों से युवक की पिटाई करवाई।

22 मई को पुलिस ने श्रृंगार राव को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, धमकी और बंधक बनाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!