बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद के वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद सुमित शर्मा ने वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान और आवश्यक निर्माण कार्यों को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है।
पार्षद शर्मा ने बताया कि वार्ड में विद्युत वोल्टेज की समस्या, जल निकासी, पाइप लाइन विस्तार और पुराने विद्युत पोलों के नवीनीकरण जैसे मुद्दे लम्बे समय से लंबित हैं। इन समस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता है, विशेष रूप से आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए।
पांच सूत्रीय मांगें इस प्रकार हैं:
1. विद्युत वोल्टेज में सुधार: शिव कॉलोनी, समता कॉलोनी और आमापारा क्षेत्रों में कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और आवश्यकतानुसार नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की गई है।
2. पाइप लाइन विस्तार: तांदुला नगर और आमापारा (नारायण यादव के घर से लेकर नर्सिंग होम तक) में पेयजल पाइपलाइन का विस्तार कर जल आपूर्ति को सुचारु करने की आवश्यकता बताई गई है।
3. जल निकासी की व्यवस्था: समता कॉलोनी और शिव कॉलोनी के पीछे गंदे पानी का जमाव हो रहा है, जिससे तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। इसके लिए समुचित नाली निर्माण अथवा वैकल्पिक निकासी की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
4. विद्युत पोलों का नवीनीकरण: दशोंधी तालाब एवं आमापारा (मंडावी घर के पास) में जर्जर और पुराने विद्युत पोलों के स्थान पर नए मजबूत पोल लगाए जाने की आवश्यकता जताई गई है।
5. बारिश में जलभराव से राहत: तातु गली (टीवीएस शोरूम के पास की गली) में बारिश के दौरान जलभराव से स्थानीय निवासियों को घुटनों तक पानी में चलना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान हेतु वहाँ टॉप कोटिंग और नाली निर्माण की मांग की गई है।
पार्षद सुमित शर्मा ने आग्रह किया है कि इन सभी समस्याओं का निराकरण आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व कराया जाए, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




















