जनसरोकार मुद्दा
बालोद। जिले में बिजली मेंटनेंस के नाम पर हर साल लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, मगर इसके बावजूद उपभोक्ताओं को बिजली की सुविधा सुचारु रूप से नहीं मिल पा रही है। आए दिन कहीं न कहीं तकनीकी खामी या लापरवाही की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला शनिवार रात सामने आया जब नयापारा क्षेत्र के रंगमंच स्थित एक बिजली पोल में अचानक आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 9 बजे नयापारा रंगमंच के समीप स्थित बिजली पोल में आग लग गई। आग लगते ही पोल पर लगा बॉक्स और केबल जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दृश्य को देख वहां से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय रहवासी घबरा गए। आग काफी देर तक जलती रही, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित वार्ड की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। बिजली गुल होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में ढाई घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। ढाई घंटे बाद जब आपूर्ति बहाल हुई, तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
इस घटना ने एक बार फिर विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब हर साल मेंटनेंस के नाम पर बड़े पैमाने पर खर्च किया जाता है, तो फिर ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं? क्या मेंटनेंस के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं? यह सोचने का विषय है।
जनता की मांग है कि विद्युत विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करे और मेंटनेंस कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
खबर पर आपकी प्रतिक्रिया और ऐसे जनहित के मुद्दों से जुड़े अनुभव या सुझाव आप हमें इस नंबर पर भेज सकते हैं: 9406208242 आपकी आवाज़ हमारे लिए महत्वपूर्ण है — प्रदेशरुचि न्यूज, जनसरोकार के साथ




















