प्रदेश रूचि

“बालोदवासियों को स्वास्थ्य सुविधा का तोहफा, जल्द शुरू होगी सीटी स्कैन सेवा – कलेक्टर ने बताया बड़ी राहत”

बालोद जिला अस्पताल में जल्द शुरू होगी सीटी स्कैन सुविधा, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

बालोद। जिलेवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है – जिला अस्पताल में अब जल्द ही सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने जा रही है। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (CGMSC) द्वारा अस्पताल को सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध करा दी गई है। सिविल सर्जन डॉ. आर.के. श्रीमाली ने बताया कि मशीन का इंस्टॉलेशन हो चुका है और कक्ष का निर्माण कार्य भी लगभग पूर्ण हो गया है। अब केवल स्टाफ की नियुक्ति के बाद यह सुविधा औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी।

शासन करेगा दरों का निर्धारण
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सेवा शुरू करने से पहले शासन स्तर से जांच की दरें तय की जाएंगी ताकि आमजन को यह सुविधा सुलभ और किफायती दरों में मिल सके।

निजी केंद्रों की महंगी जांच से मिलेगी राहत
अब तक जिले में सीटी स्कैन की सुविधा न होने के कारण मरीजों को निजी केंद्रों या अन्य जिलों में जाना पड़ता था, जहां यह जांच काफी महंगी होती थी। इस सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को समय, पैसा और यात्रा की परेशानी से राहत मिलेगी।

जिले के गठन से थी मांग, कोरोना काल में दिखी जरूरत
जिले के गठन के बाद से ही यह मांग उठती रही है। खासकर कोरोना महामारी के दौरान जब गंभीर मरीजों को तत्काल सीटी स्कैन की जरूरत होती थी, तब यह सुविधा न होने के कारण उन्हें अन्यत्र रेफर करना पड़ता था।

बीमारियों की गहराई तक जांच में सहायक
सीटी स्कैन की मदद से शरीर के आंतरिक अंगों की विस्तृत और स्पष्ट जानकारी मिलती है, जिससे डॉक्टरों को सटीक इलाज करने में मदद मिलती है। इससे इलाज की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

 

बालोद कलेक्टर का सकारात्मक संदेश
बालोद कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अपने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए थे। सीटी स्कैन मशीन की स्थापना को उन्होंने जिलेवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि “यह सुविधा खासतौर पर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों के लिए वरदान साबित होगी। अब लोगों को निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी जेब पर भी भार कम पड़ेगा।”

सेवा जल्द होगी शुरू
डॉ. श्रीमाली ने जानकारी दी कि स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और आने वाले कुछ ही दिनों में मरीजों को यह महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!