बालोद। झलमला स्थित देवांगन कृषि केंद्र में हुई एक लाख बीस हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पांच हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कपड़े बरामद किए गए हैं।
घटना 3 मई की रात हुई थी, जब अज्ञात चोरों ने दुकान के गल्ले का लॉक तोड़कर नगदी चोरी कर ली थी। मामले की सूचना पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 184/2025 के तहत धारा 305, 331(3) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान बालोद थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्रिनयन एप की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्धों की पहचान हुई, जिसके आधार पर टीम ने भिलाई, गुण्डरदेही और दुर्ग में सैकड़ों कैमरों की रिकार्डिंग की जांच की।
तस्वीरों से एक आरोपी की पहचान मोहम्मद जुनैद, निवासी कोहका भिलाई के रूप में हुई, जो पहले भी राजनांदगांव और बालोद के चोरी मामलों में जेल जा चुका है। सूचना मिली कि आरोपी अपने साथी के साथ अमृतसर गया हुआ है। लौटने के बाद पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया।
दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद, साइबर सेल की टीम और कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। सीसीटीवी विश्लेषण से लेकर आरोपियों की ट्रैकिंग तक टीम ने तेजी से काम करते हुए चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा किया।




















