बालोद, छत्तीसगढ़: जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम चिचबोड में एक विवाह समारोह के दौरान मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद बारात में शामिल एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत अभिरक्षा में लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
11 मई 2025 की शाम ग्राम चिचबोड में शादी समारोह के दौरान मृतक रामप्रसाद मसराम अपने साथियों के साथ बाजा बजा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक मोबाइल फोन गिरा मिला, जिसे उन्होंने उठा लिया। मोबाइल में कॉल आने पर उन्होंने बताया कि फोन उनके पास है।
रात लगभग 7 बजे लक्ष्य ठाकुर नामक युवक अपने 6-7 साथियों के साथ मोबाइल वापस मांगने पहुंचा। जब रामप्रसाद के साथी ने फोन लौटाते हुए कुछ खर्चा-पानी की बात की तो विवाद शुरू हो गया। रात करीब 8:15 बजे सभी आरोपी मिलकर रामप्रसाद पर हमला कर दिए। चाकू और लोहे के कड़े से हमला करते हुए सिर, पसली और कमर में गंभीर चोटें पहुंचाई गईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच किशोर हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया:
लक्ष्य ठाकुर उर्फ लक्की (19 वर्ष)
दीपक यादव (21 वर्ष)
अभय राजपूत उर्फ लक्की (18 वर्ष)
इनके अलावा पाँच विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया है। इन पर किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) के तहत कार्यवाही की जा रही है। चाकू और लोहे का कड़ा घटनास्थल से जब्त कर लिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने IPC की धारा समकक्ष BNS की धारा 103, 191(2) के तहत अपराध क्रमांक 60/2025 दर्ज किया। थाना रनचिरई, थाना गुण्डरदेही और साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को पकड़कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
विशेष जानकारी:
मृतक: रामप्रसाद मसराम, निवासी मरहीकापा, बिलासपुर
घटना स्थल: ग्राम चिचबोड, थाना रनचिरई
जब्त सामग्री: स्टील चाकू और लोहे का कड़ा
कानूनी धाराएं: BNS धारा 103 (हत्या), 191(2) (गंभीर हमला)
महत्वपूर्ण कानूनी बिंदु:
विधि से संघर्षरत बालक (Conflict with Law Juveniles) की पहचान व नाम सार्वजनिक नहीं किए जाते हैं। इसीलिए खबर में उनकी पहचान छुपाई गई है। मीडिया रिपोर्टिंग में किशोर न्याय अधिनियम का पालन आवश्यक है।




















