प्रदेश रूचि

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रायपुर और अंबिकापुर के दौरे पर, कृषि और ग्रामीण विकास को लेकर लेंगे अहम बैठक

रायपुर,– केंद्र सरकार में ग्रामीण विकास और कृषि मंत्रालय का जिम्मा संभाल रहे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दौरे पर रहेंगे। अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान वे कई अहम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

सुबह 10 बजे मंत्रालय में बैठक का आयोजन किया गया है, जिसमें कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े मसलों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री विजय शर्मा और ग्रामीण विकास मंत्री रामविचार नेताम भी उपस्थित रहेंगे। यह बैठक राज्य में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अंबिकापुर में करेंगे बड़ी सौगातों का ऐलान

बैठक के बाद शिवराज सिंह चौहान अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आयोजित एक बड़े जनकल्याण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम के तहत वे 51 हजार नवनिर्मित आवासों के हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराएंगे। लाभार्थियों को अपने घरों की चाबी सौंपकर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, जिन्हें आमतौर पर “लखपति दीदी” कहा जाता है, को भी सम्मानित करेंगे। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

ग्रामीण विकास को मिलेगा नया आयाम

इस दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में खासा उत्साह है। राज्य और केंद्र सरकार के समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, आवास निर्माण, महिला सशक्तिकरण और कृषि सुधारों को गति मिलने की उम्मीद की जा रही है।

केंद्रीय मंत्री के इस दौरे को आगामी योजनाओं की रूपरेखा तय करने और केंद्र की योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!