Skip to main content

प्रदेश रूचि

खरोरा सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों को 5 लाख की सहायता राशि

रायपुर, :छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्माओं के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “खरोरा में हुए इस भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायल जल्द स्वस्थ हों।” उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री साय ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को त्वरित कदम उठाने और राहत-बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, ग्राम चटौद निवासी पुनीत साहू के घर पर ‘चौथी छठ्ठी’ समारोह के अवसर पर रिश्तेदार स्वराज माजदा (CG 04 MQ 1259) वाहन में सवार होकर ग्राम बाना बनारसी गए थे। समारोह समाप्त होने के बाद लौटते समय सारागांव के पास रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर उनकी गाड़ी की एक ट्रेलर (JH-05 DP 7584) से भिड़ंत हो गई।

इस दर्दनाक टक्कर में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें 9 महिलाएं, 2 युवतियां, एक किशोर और 6 माह की एक मासूम बच्ची शामिल हैं। हादसे में घायल लोगों को खरोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रायपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!