Skip to main content

प्रदेश रूचि

सीज फायर के बाद कांग्रेस ने इंदिरा गांधी को किया याद, भाजपा नेताओं ने कहा – मोदी युग में भारत और भी सशक्त

 

बालोद : भारत-पाकिस्तान युद्ध विराम की ताज़ा घोषणा के बाद सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने जहां इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए मौजूदा केंद्र सरकार पर निशाना साधा, वहीं भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए मोदी सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक कार्रवाई का हवाला दिया।

कांग्रेस प्रवक्ताओं ने दावा किया कि 1971 में इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत ने न केवल पाकिस्तान को हराया, बल्कि बांग्लादेश का निर्माण भी सुनिश्चित किया। उन्होंने मौजूदा सरकार की तुलना में उस नेतृत्व को कहीं अधिक मज़बूत बताया।

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा, “कांग्रेस अब इतिहास में जी रही है। इंदिरा गांधी को सम्मान देना ठीक है, लेकिन वर्तमान में देश की सीमाएं मोदी जी के नेतृत्व में कहीं अधिक सुरक्षित और सशक्त हैं।”

जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा, “कांग्रेस केवल बयानबाज़ी करती है, जबकि भाजपा सरकार ने पाकिस्तान को उसकी सीमा में रहने पर मजबूर किया है। हमारी सेना को खुली छूट मिली है, यही असली राष्ट्रवाद है।”

भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक वैष्णव ने कहा, “देश की सुरक्षा से कांग्रेस ने हमेशा समझौता किया। अब जब भाजपा ने पाकिस्तान को मुँहतोड़ जवाब दिया, तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है।”

भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने कहा, “इंदिरा गांधी के नाम पर भाजपा को कोसना कांग्रेस की बौखलाहट को दिखाता है। देश आज मजबूत हाथों में है, कांग्रेस को इसका भय सता रहा है।”

भाजपा नेता यशवंत जैन ने कहा, “कांग्रेस पाकिस्तान जैसे मुद्दों पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आती। इंदिरा गांधी के कामों की आड़ में वे मोदी सरकार की उपलब्धियों को छिपा नहीं सकते।”

भाजपा नेता राकेश यादव ने कहा, “जो पार्टी सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाती है, वह आज देशभक्ति की बात कर रही है। मोदी सरकार ने हर मोर्चे पर देश का मान बढ़ाया है।”

भाजपा नेता सौरभ लूनिया ने कहा, “भारत अब पुराना भारत नहीं रहा। हमारी विदेश नीति, हमारी सैन्य नीति, सब कुछ पहले से अधिक मज़बूत हुआ है। कांग्रेस को यह देखना और समझना होगा।”

डौंडीलोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष लाल निवेंद्र टेकाम ने भी कांग्रेस के बयानों पर असहमति जताते हुए कहा, “भारत की सेना और नेतृत्व पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इंदिरा गांधी के समय भी देश एकजुट था, और आज मोदी सरकार में भी जनता का आत्मविश्वास और सेना का मनोबल उच्चतम स्तर पर है। कांग्रेस को राजनीति से ऊपर उठकर देशहित की बात करनी चाहिए।”

भारत पाकिस्तान के इस युद्ध के बाद जहां सीज फायर की घोषणा हो चुकी है और जंग से अब देशवासियों को राहत मिली हुई है वही देश सहित प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच यह जुबानी जंग जारी है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व लोकसभा में विशेष बैठक बुलाने की मांग कर रही है वही राज्यो और स्थानीय स्तर भाजपा कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया वार छिड़ी हुई है।अन्य अपडेट के लिए पढ़ते रहे आपका पसंदीदा डिजिटल न्यूज पोर्टल प्रदेशरुचि

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!