बालोद। दीपावली पर्व से पहले बालोद पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल 71 हजार 440 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने मरारपारा स्थित एक मकान से 852 पैकेट पटाखे बरामद किए, जबकि सदर रोड स्थित एक मनिहारी दुकान और उससे संबंधित मकान से छह कार्टून पटाखे जब्त किए गए। दोनों मामलों में एक महिला सहित दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को थाना बालोद को सूचना मिली थी कि शहर में कुछ लोग अपने मकानों और दुकानों में विभिन्न प्रकार के पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पटाखों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

मरारपारा में 852 पैकेट पटाखे मिले
पहली कार्रवाई शहर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित मरारपारा में की गई। यहां निवासी पार्वती देवांगन (38 वर्ष), पति अजय देवांगन के मकान की तलाशी के दौरान विभिन्न प्रकार के 852 पैकेट पटाखे बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत 46 हजार 440 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पटाखों को जब्त कर महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1984 की धारा 9(ख)(1)(ख) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
सदर रोड पर दुकान और मकान में मिली आतिशबाजी
दूसरी कार्रवाई सदर रोड स्थित साकिर मनिहारी दुकान और उससे संबंधित मकान में की गई। तलाशी के दौरान विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे छह कार्टून बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये है। पुलिस ने पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर आरोपी मोहम्मद साकिब (35 वर्ष), पिता अब्दुल साकिर, निवासी वार्ड क्रमांक 8, सदर रोड, बालोद के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
दोनों मामलों में कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में की गई।
दीपावली के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण एवं विक्रय निर्धारित नियमों और वैध अनुमति के अनुसार ही करें। नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













