कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी, उपाध्यक्ष कमलेश सोनी एवं नगर पालिका के पार्षदों ने हितग्राहियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्वीकृति पत्र सौंपे। इस अवसर पर हितग्राहियों ने कहा कि लंबे समय से पक्के मकान का सपना संजोए हुए थे, जो अब प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के माध्यम से साकार होने जा रहा है। उन्होंने योजना के लिए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और नगर पालिका परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया।

सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार है प्रधानमंत्री आवास योजना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि हजारों गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर जीवन की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराना है और नगर पालिका परिषद बालोद इस लक्ष्य को पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही और गंभीरता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि वे अपने मकान का निर्माण किसी अनुभवी एवं विश्वसनीय ठेकेदार के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराएं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करें। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार योजना की किस्तें जारी की जाएंगी, इसलिए गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।
योजना से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन में आया बदलाव
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। योजना के माध्यम से लोगों को केवल पक्का मकान ही नहीं, बल्कि सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना सामाजिक सुरक्षा और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और हितग्राही रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्षद गोकुल ठाकुर, पुष्पा साहू, सुनीता मनहर, कसीमुद्दीन कुरैशी, रीता सोनी एवं किरण साहू सहित ईश्वर साहू, जमीर खान (पीएमएवाई), इंजीनियर ताराचंद साहू, महेश बढ़ाई, अभय ताराम, नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री, राज्य सरकार एवं नगर पालिका परिषद बालोद के प्रति आभार जताया। वहीं नगर पालिका परिषद ने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार का “हर परिवार को पक्का घर” का सपना जल्द से जल्द साकार हो सके।




















