Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद: बघमरा रेलवे फाटक के पास प्रस्तावित शराब दुकान का ग्रामीणों ने किया विरोध, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

बालोद। नगर पालिका क्षेत्र के नयापारा वार्ड क्रमांक 3 स्थित बघमरा रेलवे फाटक के पास प्रस्तावित देशी शराब दुकान को लेकर आसपास के ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नयापारा, मेढ़की, बघमरा, ओरमा, खारथुली सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों ने रविवार को मेढ़की में सामूहिक बैठक आयोजित कर शराब दुकान खोले जाने का विरोध किया और सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ग्रामीणों ने जताई कड़ी आपत्ति
ग्राम विकास समिति के संरक्षक धनराज साहू एवं अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि बघमरा बायपास रेलवे फाटक के समीप नई देशी शराब दुकान खोले जाने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने एकमत होकर प्रस्तावित शराब दुकान का विरोध किया और कहा कि इससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा तथा शांति और सौहार्द बिगड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल है, लेकिन शराब दुकान खुलने से असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और विभिन्न प्रकार की अप्रिय घटनाएं होने की संभावना बढ़ जाएगी। विरोध स्वरूप बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन पर हस्ताक्षर भी किए हैं।
तांदुला मार्ग स्थित दुकान का किया जा रहा स्थानांतरण
ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में तांदुला जलाशय मार्ग पर संचालित देशी शराब दुकान का स्थान बदला जा रहा है। इसके लिए बघमरा रेलवे फाटक के समीप स्थित एक निजी भूमि का चयन किया गया है। बताया जा रहा है कि टेंडर प्रक्रिया में इस स्थान को अंतिम रूप भी दिया जा चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन मालिक द्वारा शराब दुकान संचालन की तैयारी के तहत भूमि की साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य भी करा लिया गया है।
सामाजिक माहौल बिगड़ने की आशंका
ग्राम पटेल होरीलाल गजपाल ने कहा कि मुख्य मार्ग और रेलवे फाटक के समीप शराब दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा। असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ने से क्षेत्र की शांति भंग हो सकती है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही विद्यार्थियों और युवाओं पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन की चेतावनी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि बघमरा रेलवे फाटक के पास किसी भी स्थिति में शराब दुकान स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से प्रस्तावित स्थान परिवर्तन को तत्काल निरस्त करने और मुख्य मार्ग पर शराब दुकान नहीं खोलने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी कर प्रस्तावित स्थान पर शराब दुकान खोली जाती है, तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!