
प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोमिन अली से सीधे चर्चा की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद पालिका अध्यक्ष और सीएमओ कार्यालय के बाहर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने सदर मार्ग में पूर्व में की गई लाल मार्किंग तक अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।

पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी ने बताया कि सदर मार्ग में मार्किंग जिला प्रशासन के निर्देश पर की गई थी। बाद में प्रशासन के नए निर्देश पर सड़क के दोनों किनारों पर सवा तीन-तीन मीटर की नई सीमा तय कर दोबारा मार्किंग की गई है।
इस दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपते हुए घड़ी चौक से सदर रोड, रामदेव चौक से मधु चौक, गंजपारा दुर्गा मंदिर से सदर रोड सहित मुख्य बाजार क्षेत्र में पुराने राजस्व नक्शे के अनुसार सभी अवैध कब्जों को तत्काल हटाने की मांग की। पार्टी ने साफ चेतावनी दी कि यदि सात दिवस के भीतर लाल निशान तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बालोद बंद का आह्वान किया जाएगा।

पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका व्यापारियों के दबाव में आकर बार-बार मापदंड बदल रही है। पहले दो-दो मीटर छोड़ने की बात कही गई, अब तीन-तीन मीटर की सीमा तय की जा रही है। उनका कहना है कि यह कार्रवाई केवल कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की जा रही है, जबकि इससे सड़क की वास्तविक स्थिति में कोई बदलाव नहीं होगा।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि नगर पालिका ने अन्य क्षेत्रों में गरीबों की गुमटियां और छोटे अतिक्रमण बिना किसी संवाद के हटाए, लेकिन सदर रोड में बड़े व्यापारियों से बैठक कर निर्णय लिए जा रहे हैं। यदि गरीबों से चर्चा जरूरी नहीं थी, तो व्यापारियों से विशेष बातचीत क्यों की जा रही है।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्पष्ट कहा कि कार्रवाई होगी तो पूरी सड़क से कब्जा हटाने की होगी, अन्यथा आधी-अधूरी कार्रवाई का विरोध जारी रहेगा। पार्टी नेताओं का दावा है कि सदर बाजार के अतिक्रमण से केवल शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लोग परेशान हैं और जनता चाहती है कि सदर रोड पूरी तरह कब्जामुक्त हो।।पालिका घेराव कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गंगा निषाद, उपाध्यक्ष दानी साहू, जिला महासचिव डी. देशमुख, संगठन मंत्री नरेंद्र साहू, शशि भूषण चंद्राकर, कोमल साहू, जितेंद्र साहू, केदार साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















