Skip to main content

प्रदेश रूचि

“सुलह की बैठक में साजिश का खून: चाकू से गोदकर युवक की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने दबोचे आरोपी”

बालोद (डौण्डीलोहारा)। गांव की एक सामान्य बैठक खूनी वारदात में बदल गई, जहां बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम जोगीभाट में शीतला मंदिर परिसर में ग्रामीणों की बैठक आयोजित थी, जिसमें गांव के विवाद और अन्य मुद्दों पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने डोमेन्द्र देशमुख के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी।
विवाद बढ़ता देख डोमेन्द्र का भतीजा कुणाल देशमुख बीच-बचाव के लिए आगे आया, लेकिन इसी दौरान सोहन साहू ने उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि कुणाल के सीने और पेट में गहरे घाव हो गए।


घायल हालत में उसे तत्काल डौण्डीलोहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सोहन साहू से खून से सना चाकू और परमेश्वर देशमुख से घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया गया।
पुलिस ने इस मामले में सोहन साहू (19), परमेश्वर देशमुख (30), बेदलाल साहू (40), टोमन लाल साहू (45) और लोकनाथ यादव (43) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और पूरे मामले की गहन विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!