त्योहार को देखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारी और जवान पूरे समय मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। इसके जरिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती रही। वहीं पुलिस अधीक्षक धमतरी कंट्रोल रूम से पूरे जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए थाना प्रभारियों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

होली से पहले पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। जिले में करीब 35 गुंडा और निगरानी बदमाशों की परेड कराई गई और उन्हें अच्छे आचरण की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा 60 से अधिक गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधक कार्रवाई की गई।
जिले के सभी अनुभागों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया, जिसका उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना था। त्योहार के दौरान पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करती रही और फिक्स पिकेट में तैनात जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।

पुलिस की इसी सक्रिय रणनीति का असर रहा कि पूरे जिले में होली का त्योहार शांति, सौहार्द और उल्लास के माहौल में बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ।




















