प्रदेश रूचि

खुशहाली वाली होली: किसानों को 10,324 करोड़ ट्रांसफर, बालोद के 1.48 लाख खातों में पहुंचेगी 511 करोड़

बालोद/रायपुर। होली पर्व से ठीक पहले छत्तीसगढ़ सरकार आज राज्य के अन्नदाताओं को बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखण्ड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन से ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 10 हजार 324 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे।

राज्यभर के 25 लाख 28 हजार किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि बालोद जिले के 1 लाख 48 हजार 293 किसानों के खातों में आज 511 करोड़ 11 लाख 06 हजार रुपए की अंतर राशि एकमुश्त पहुंचने जा रही है, जिससे जिले में होली का उत्साह दोगुना हो गया है।

बालोद के पांचों विकासखण्डों में कार्यक्रम
राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बालोद जिले के सभी पांचों विकासखण्डों—डौण्डीलोहारा, गुरुर, गुण्डरदेही, बालोद और डौण्डी—की चयनित कृषि उपज मंडियों एवं प्राथमिक सेवा सहकारी समितियों में किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों एवं किसानों की उपस्थिति में राशि अंतरण समारोह आयोजित होगा।
सरकार द्वारा धान का 3100 रुपए प्रति क्विंटल मूल्य देने की नीति के तहत यह अंतर राशि किसानों को दी जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

होली पर खुशहाली की बयार
जिले के किसान परिवारों में आज विशेष उत्साह है। कई किसानों का कहना है कि यह राशि खेतों की अगली तैयारी, कृषि उपकरण, खाद-बीज खरीदी के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और त्योहार की तैयारियों में सहायक होगी।
जनप्रतिनिधियों ने भी इसे किसान सम्मान की दिशा में बड़ा कदम बताया है।


भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि
“मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार ने जो वादा किया था, उसे होली से पहले पूरा कर दिया। 511 करोड़ से अधिक की राशि बालोद जिले के किसानों के खातों में जाना उनके परिश्रम का सम्मान है। इससे गांवों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और त्योहार की रौनक भी दोगुनी होगी।”


भाजपा नेता जनसेवक राकेश यादव ने कहा कि
“कृषक उन्नति योजना ने किसानों को मजबूती दी है। यह राशि केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। बालोद जिले के किसान अब नए उत्साह के साथ खेती में निवेश कर पाएंगे।”


भाजपा नेता पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि
“सरकार द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य और अंतर राशि का सीधा अंतरण किसानों को आत्मनिर्भर बना रहा है। होली के अवसर पर यह सौगात ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देगी।”


अर्जुन्दा के भाजपा नेता पंकज चौधरी ने कहा कि
“आज किसानों के चेहरों पर मुस्कान है। यह राशि उनके घरों में खुशहाली लाएगी और खेती-किसानी के प्रति विश्वास को और मजबूत करेगी।”


देवरी क्षेत्र के आदिवासी भाजपा नेता राम नायक ने कहा कि
“आदिवासी और ग्रामीण अंचल के किसानों को समय पर अंतर राशि मिलना बड़ी राहत है। इससे गांवों में त्योहार पूरे उत्साह से मनाया जाएगा।”


गुरुर ब्लॉक से भाजपा नेता अजेंद्र साहू ने कहा कि
“सरकार की किसान हितैषी नीतियों का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। बालोद जिले में 1.48 लाख से अधिक किसानों को राशि मिलना ऐतिहासिक है। यह होली उनके लिए सचमुच खुशहाली की होली होगी।”

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
प्रदेश सरकार के अनुसार, कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और अन्य किसान हितैषी योजनाओं को मिलाकर 1.50 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
इसके साथ ही किसानों और कृषि मजदूरों के लिए बीमा कवरेज, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना तथा सिंचाई पंपों के लिए निःशुल्क बिजली जैसी योजनाएं भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ कर रही हैं।
आज जब किसानों के खातों में राशि पहुंचेगी, तो बालोद सहित पूरे प्रदेश में होली का पर्व आर्थिक आत्मविश्वास और खुशहाली के साथ मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!