
भाजपा केवल चुनावी मशीन नहीं
जिला अध्यक्ष देशमुख ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि भाजपा केवल एक चुनावी मशीन नहीं, बल्कि स्पष्ट विचारधारा पर आधारित संगठन है। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और उन्हें सरकार की जनहितकारी योजनाओं का सजग प्रहरी बनाना है।
उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक देशभर के ग्रामीण और शहरी मंडलों में अभ्यास वर्ग आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक वर्ग एक रात और दो दिन यानी कुल 24 घंटे का होगा। मंडल स्तर के प्रशिक्षण के बाद 15 अप्रैल से जिला स्तरीय अभ्यास वर्ग शुरू होंगे। इस बार प्रशिक्षण मॉड्यूल को आधुनिक और व्यापक स्वरूप दिया गया है, ताकि कार्यकर्ता वैचारिक रूप से अधिक सशक्त बन सकें।

अनुशासन और समर्पण को सर्वोपरि रखने का संदेश
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ता प्रखर बनते हैं और विषयों के अच्छे जानकार बनते हैं। भाजपा के प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन और सरकार के कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाते हुए संगठनात्मक अनुशासन और समर्पण को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता ही संगठन की शक्ति
प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही शक्ति का केंद्र हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नीति, सिद्धांत, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के संस्कारों से समृद्ध किया जाना आवश्यक है, ताकि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।
प्रदेश आईटी सेल के भरत भमनानी ने भी प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सशक्त और जागरूक कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं।

राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सशक्त करने का अभियान
प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान मंडल स्तर तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाज सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

ये रहे मौजूद
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ राज्य वनोपज संघ के अध्यक्ष यज्ञ शर्मा, जिला प्रभारी संध्या परगनिया, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अभिषेक शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू, कृष्णकांत पवार, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, वीरेंद्र साहू, पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेश यदु, कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे, प्रवक्ता जितेंद्र साहू, उपाध्यक्ष कौशल साहू, टिनेश्वर बघेल, भुनेश्वरी ठाकुर, प्रेम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, तोरण साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, जिला कार्यालय मंत्री विनोद जैन, मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















