प्रदेश रूचि

ईमानदारी की मिसाल: बालोद पुलिस विभाग के वाहन चालक चंद्रभान सिंह ने लौटाया लाखों का कीमती सामान

बालोद शहर में एक बार फिर पुलिस विभाग की ईमानदारी की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने आमजन का विश्वास और मजबूत किया है। बालोद पुलिस विभाग में पदस्थ आरक्षक वाहन चालक चंद्रभान सिंह  ने सड़क किनारे मिले एक लावारिस बैग को उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।


घटना कोर्ट रोड बालोद की है, जहां ड्यूटी के दौरान चंद्रभान सिंह की नजर एक लेडीज़ बैग पर पड़ी। बैग लावारिस हालत में पड़ा था। उन्होंने बिना देर किए इसकी सूचना अपनी वरिष्ठ अधिकारी (आरआई मैडम) को दी और बैग को सुरक्षित पुलिस लाइन बालोद लेकर पहुंचे।
जब बैग की जांच की गई तो उसमें से करीब 30 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन, लगभग 50 हजार रुपये मूल्य के सोने के कान के रिंग, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड और 1000 रुपये नकद बरामद हुए।


            बैग में रखे मोबाइल पर कॉल आने के बाद संबंधित महिला से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद महिला को बालोद कोतवाली बुलाया गया और पूरा सामान सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया।
          इस पूरी प्रक्रिया में न केवल सतर्कता बल्कि पारदर्शिता भी दिखाई दी। चंद्रभान सिंह का यह कदम बताता है कि वर्दी सिर्फ जिम्मेदारी का प्रतीक नहीं, बल्कि विश्वास और संवेदनशीलता की पहचान भी है। शहर में इस सराहनीय कार्य की चर्चा है और लोग इसे पुलिस की सकारात्मक छवि के रूप में देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!