प्रदेश रूचि

ट्रक की किस्त नहीं पटी तो रच डाली 900 कट्टा धान चोरी की साजिश, बालोद पुलिस ने 4 को दबोचा

बालोद,। ग्राम मालीघोरी से 900 कट्टा धान से भरी ट्रक चोरी मामले में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 179 कट्टा चोरी का धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 16 जनवरी 2026 को ट्रक क्रमांक CG 08 AV 1711 मालीघोरी से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ले जाया गया था। बाद में ट्रक दमकसा के बड़भूम क्षेत्र में लावारिस हालत में मिला, जिसमें से 280 कट्टा शासकीय धान गायब था। मामले में थाना बालोद में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर तथा एसडीओपी बोनीफास एक्का के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि उसके पास दो ट्रक हैं, जिनकी किस्त नहीं चुका पाने के कारण आर्थिक दबाव था। इसी कारण उसने साथियों के साथ मिलकर धान चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने तीन दिन तक मालीघोरी धर्मकांटा के पास खड़े ट्रक की रेकी की। घटना के दिन ट्रक में चाबी लगी मिलने पर दो आरोपी उसे लेकर निकल गए, जबकि अन्य साथियों ने अपना खाली ट्रक क्रमांक CG 08 AQ 7884 मंगवाया।
चोरी की गई ट्रक को झलमला और रानीमाई होते हुए दमकसा ले जाया गया, जहां 900 कट्टा में से 280 कट्टा धान अपने ट्रक में लोड कर लिया गया। धान को ग्राम कंगलूटोला ले जाकर शासकीय बारदाना हटाकर स्थानीय बोरे में भर दिया गया तथा सरकारी बारदाना रास्ते में फेंक दिया गया। आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए ट्रक में लगा जीपीआरएस भी तोड़कर फेंक दिया था।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 179 कट्टा धान बरामद कर घटना में प्रयुक्त ट्रक एवं मोटरसाइकिल जब्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!