प्रदेश रूचि

पंचायत परफॉर्मेंस रिपोर्ट में बालोद का बड़ा धमाका… टॉप 10 में 5 पंचायतें, झलमला ने जीता प्रदेश का ताज, जल प्रबंधन में बोरगहन भी अव्वल

बालोद। पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 (पीएआई 2.0) के राज्य स्तरीय स्कोर कार्ड में बालोद जिले की पंचायतों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। सतत विकास लक्ष्यों के 9 थीम पर आधारित इस सूचकांक में प्रदेश की शीर्ष 10 पंचायतों में बालोद जिले की पांच पंचायतें — झलमला, बागतराई, आनंदपुर, चिरचार और सोंहपुर — शामिल हुई हैं।

जिले के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि ग्राम पंचायत झलमला की रही, जिसने सभी थीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 78.77 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया और सर्वश्रेष्ठ पंचायत का दर्जा पाया। वहीं गुण्डरदेही विकासखंड की ग्राम पंचायत बोरगहन (फु) ने ‘पर्याप्त जल पंचायत’ थीम में 90.71 अंक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।


इस उपलब्धि पर संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सर्वश्रेष्ठ पंचायत झलमला की सरपंच चुम्मन ठाकुर और सचिव रमेश निषाद को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त करने वाली पंचायतों में बागतराई की सरपंच अनिता साहू, आनंदपुर के सरपंच तेजराम साहू, चिरचार की सरपंच कचरा बाई साहू और सोंहपुर की सरपंच सीमा साहू को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर बधाई दी गई।


उल्लेखनीय है कि पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 पोर्टल पंचायतों के विकास कार्यों की निगरानी, प्राथमिकताओं के निर्धारण और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पंचायतों ने 13 विभागों से जुड़े 141 डेटा बिंदुओं पर जानकारी एकत्र कर सत्यापन के बाद पोर्टल पर दर्ज कराई थी। इसी व्यवस्थित और प्रभावी कार्यप्रणाली के चलते बालोद जिले की पांच पंचायतों ने राज्य स्तर पर यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!