रायपुर। प्रदेश के किसानों को राहत देते हुए राज्य सरकार ने धान खरीदी की प्रक्रिया में दो दिन की अतिरिक्त अवधि देने का फैसला लिया है। सरकार के निर्देश पर अब चयनित श्रेणी के किसान 5 और 6 फरवरी 2026 तक धान विक्रय कर सकेंगे।
निर्देशानुसार तीन श्रेणियों के किसानों को इस अतिरिक्त अवधि का लाभ मिलेगा। इसमें वे किसान शामिल हैं, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया। इसके अलावा वे किसान भी धान बेच सकेंगे, जिनके आवेदन का सत्यापन हो चुका है और उनके पास धान उपलब्ध पाया गया है। साथ ही 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन मिलने के बावजूद निर्धारित तिथि पर धान नहीं बेच पाए किसान भी इस व्यवस्था के तहत अपनी उपज बेच सकेंगे।
किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए खरीदी केंद्रों में बारदाना और हमालों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
सरकार के इस फैसले से हजारों किसानों को अपनी उपज बेचने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा और धान खरीदी प्रक्रिया अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।




















