बालोद। बालोद थाना क्षेत्र के नेवारीखुर्द गांव में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो मंजिला मकान के निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे नाजुक हालत में इलाज के लिए रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेवारीखुर्द गांव में एक दो मंजिला मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर हेमंत मंडावी अचानक घर के नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की मदद से तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई, जिसके माध्यम से घायल मजदूर को जिला अस्पताल बालोद लाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया।
इस हादसे में विद्युत विभाग की लापरवाही भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि मकान मालिक द्वारा निर्माण शुरू होने से पहले ही घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने या शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग में कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
वहीं, मामले में मकान मालिक की भी लापरवाही उजागर हुई है। हाईटेंशन लाइन की मौजूदगी के बावजूद बिना सुरक्षा इंतज़ामों के निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हो गया।
फिलहाल घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की आवश्यकता जताई जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




















