Skip to main content

प्रदेश रूचि

किस्त का दबाव, बीमा की लालच और फर्जी FIR… डौण्डी ट्रक केस में ऐसा खुला राज कि शिकायतकर्ता ही बन गया आरोपी…पढ़े पूरी खबर

बालोद। जिले के डौण्डी पेट्रोल पंप से हुई ट्रक चोरी के मामले में बालोद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस प्रकरण का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला प्रार्थी ही पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड निकला।

         पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 20 जनवरी को थाना डौण्डी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका ट्रक क्रमांक CG 21 J 7111 (कीमत लगभग 43 लाख रुपये) 22 जनवरी की रात 10 से 11 बजे के बीच अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना डौण्डी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा विकास पाटले के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना डौण्डी की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
 सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले, नागपुर तक पहुंची पुलिस
टीम ने त्रिनयन एप के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। डौण्डी से लेकर लोहारा, देवरी, राजनांदगांव, सकोली होते हुए नागपुर तक सैकड़ों कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) में डेरा डालकर ट्रक को चिन्हांकित किया और उसे एक ट्रांसपोर्टर से बरामद किया।


पूछताछ में ट्रांसपोर्टर ने बताया कि आरोपी नरेन्द्र जायसवाल और मनेन्द्र जायसवाल ट्रक को एक दलाल के माध्यम से बेचने के लिए लेकर आए थे। वाहन के कागजात कलर कॉपी में प्रस्तुत किए गए थे और यह बताया गया था कि ट्रक उनके बुआ के बेटे की सहमति से बेचा जा रहा है।
 बीमा राशि हड़पने की थी साजिश
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वर्ष 2013 में उन्होंने अपने बुआ के बेटे मनोज जायसवाल के नाम पर यह ट्रक लोन के माध्यम से खरीदा था। माइंस में वाहन नहीं चल पाने के कारण किस्तें नहीं चुकाई जा रही थीं, जिससे फाइनेंस कंपनी लगातार दबाव बना रही थी।
इसी दबाव से बचने और बीमा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से आरोपियों ने अपने भाई, पिता और एक दलाल के साथ मिलकर ट्रक चोरी की झूठी कहानी रची। 22 जनवरी की रात करीब 10 बजे दोनों भाई ट्रक को स्वयं चलाकर डौण्डी से नागपुर पहुंचे और वहां ट्रांसपोर्टर से सौदा कर दिया।
 आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य सहयोगियों और दलाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बालोद पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने न केवल ट्रक चोरी का पर्दाफाश किया बल्कि बीमा धोखाधड़ी की साजिश को भी नाकाम कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!