यातायात पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जश्न मनाना स्वाभाविक है, लेकिन शराब पीकर वाहन चलाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। आपकी एक छोटी-सी लापरवाही किसी के पूरे जीवन को अंधकार में बदल सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय पूरी जिम्मेदारी और संयम जरूरी है।
पुलिस ने तेज रफ्तार को दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह बताते हुए कहा कि तेज गति नहीं, सुरक्षित सफर अपनाएं। दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई है। ये छोटी-छोटी आदतें न केवल चालक बल्कि पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं।

इसके साथ ही यातायात पुलिस ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी बनाए रखने की अपील की है। सड़क पर एक पल का ध्यान भटकना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। पुलिस का कहना है कि वाहन चलाते समय सड़क पर पूरी नजर रखें, क्योंकि ध्यान भटका तो दुर्घटना पक्की।
यातायात पुलिस निरीक्षक रविशंकर पांडे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क पर सतर्कता ही सबसे बड़ा उपहार है। नया साल नई सोच के साथ मनाएं और सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी हम सब साझा करें। नियमों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें।




















