प्रदेश रूचि

गांव-गांव से निकलेगा खेल सितारा, सांसद खेल महोत्सव बना उम्मीद की पहचान : तारणी चंद्राकर

बालोद। गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम परसदा स्थित खेल मैदान में विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिताओं का विधिवत आगाज़ किया।
इस अवसर पर तारणी चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी और क्षेत्रीय सांसद भोजराज नाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण व शहरी अंचलों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रभावी मंच है। यहाँ से उभरने वाले खिलाड़ी भविष्य में जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।


उद्घाटन सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना से खेलने का संदेश दिया और कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

महोत्सव के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने जोश और उमंग के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में कांति सोनेश्वरी (सभापति, जिला पंचायत बालोद), कुलदीप साहू (मंडल अध्यक्ष, ओटेबंद), महेन्द्र जांगड़े (सीईओ, पाटन), सत्यवती गजेन्द्र साहू (सरपंच, परसदा), आशीष देशमुख (सीईओ, डौंडीलोहारा खेल प्रभारी) सहित समस्त सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!