परीक्षा पे चर्चा 2026 की शुरुआत:विद्यार्थियों को पीएम मोदी से सीधे संवाद का अवसर, परीक्षा तनाव से मिलेगी राहत
रायपुर।परीक्षा के दबाव और मानसिक तनाव से जूझ रहे विद्यार्थियों के लिए एक बार फिर परीक्षा पे चर्चा 2026 का मंच सजने जा रहा है। जनवरी 2026 में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम का यह नौवां संस्करण होगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक ऐसा संवाद मंच है, जहां विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक परीक्षा से जुड़ी चिंताओं, अनुभवों और सकारात्मक तैयारी पर खुलकर बातचीत कर सकते हैं।
कार्यक्रम के लिए MyGov पोर्टल (innovateindia1.mygov.in) पर पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी, उनके अभिभावक और शिक्षक 11 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने प्रश्न अपलोड कर सकते हैं।
परीक्षा तनाव कम करने की पहल
हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री मोदी देशभर से चुने गए विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देंगे और परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि अवसर के रूप में देखने की सोच साझा करेंगे। यह संवाद छात्रों को आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करता है, जिससे परीक्षा का डर कम हो सके।
अभिभावक और शिक्षक भी होंगे संवाद का हिस्सा
कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि अभिभावक और शिक्षक भी भाग लेते हैं। उनसे संवाद के माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि बच्चों के सपनों और लक्ष्यों को समझना और परीक्षा के समय उनका मानसिक संबल बनना कितना जरूरी है।
परीक्षा पे चर्चा में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी और उन्हीं कक्षाओं के अभिभावक पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागी अपना सहभागिता प्रमाण पत्र भी डाउनलोड कर सकेंगे।
पिछले संस्करणों की शानदार सफलता
गौरतलब है कि परीक्षा पे चर्चा 2025 के आठवें संस्करण में भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में पंजीकरण हुए थे। इस कार्यक्रम ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालते हुए परीक्षाओं को लेकर सोच बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
11 जनवरी तक पूछ सकते हैं सवाल
कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक अपने प्रश्न अधिकतम 500 शब्दों में तैयार कर सकते हैं। प्रश्न अपलोड करने की सुविधा भारत सरकार के पोर्टल innovateindia1.mygov.in पर उपलब्ध है।
प्रश्न भेजने की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।
परीक्षा पे चर्चा 2026 न केवल परीक्षा की तैयारी को आसान बनाने की पहल है, बल्कि यह विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है




















