Skip to main content

प्रदेश रूचि

सात महीने की ट्रेनिंग पूरी कर लौटे अग्निवीर विजय; मेढ़की गांव ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

बालोद | मेढ़की में अग्निवीर विजय साहू का भव्य स्वागत, गांव गर्व और उत्साह से झूमा

बालोद जिले मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर ग्राम मेढ़की शुक्रवार को एक खास पल का गवाह बना। गांव के युवा अग्निवीर विजय साहू जैसे ही सात महीने की कड़ी ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटे, पूरा गांव सम्मान और गर्व की भावनाओं में डूब गया। फूल-मालाओं, जयकारों और रैली के बीच विजय का ऐसा स्वागत हुआ, जिसने गांव के हर नागरिक को रोमांचित कर दिया।

 

गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जयघोषों से गांव गूंजा

25 अप्रैल को लखनऊ ट्रेनिंग सेंटर के लिए रवाना हुए विजय साहू ने सात महीने की ट्रेनिंग पूरी कर जैसे ही गांव में कदम रखा, लोगों का उत्साह देखने लायक था। गाजे-बाजे के साथ भव्य रैली निकाली गई, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने विजय को फूल-मालाएं पहनाकर उसका सम्मान किया। गांव में “भारत माता की जय” और “विजय साहू जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे। विजय ने गांव पहुंचकर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और अपने परिवार का आभार व्यक्त किया।

परिवार और गांव का बढ़ा गौरव

विजय साहू के पिता रूपेश साहू ने बेटे की मेहनत और समर्पण पर गर्व जताते हुए कहा—“हमारे परिवार का सपना पूरा हुआ। विजय ने कड़ी मेहनत की और आज वह सेना में है, इससे बड़ा गर्व हमारे लिए कुछ नहीं।”

ग्राम ओरमा की सरपंच मंजूलता परस साहू ने कहा—“सामान्य परिवार के बेटे का अग्निवीर में चयन होना पूरे गांव के लिए प्रेरक संदेश है। इससे और बच्चे भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।”

युवाओं के लिए प्रेरणा बने विजय साहू

विजय साहू की सफलता ने पूरे क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास भर दिया है। उनकी कहानी अब यह संदेश दे रही है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं। गांव के कई बच्चे विजय की उपलब्धि से प्रभावित होकर रक्षा सेवाओं में भविष्य बनाने का संकल्प ले रहे हैं।

गांव ने दी सामूहिक शुभकामनाएं

अग्निवीर के सम्मान समारोह में रूपेश साहू, भूपेंद्र साहू, सरपंच मंजूलता परस साहू, ग्राम की महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की बड़ी संख्या मौजूद रही। सभी ने विजय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी सफलता गांव के लिए गौरव का क्षण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!