प्रदेश रूचि

सोने का मटका और रहस्यमयी ‘शक्तिपुंज’…गड़ा धन का झांसा… और सालों बाद दर्ज शिकायत—क्या है इस ठगी की असली कहानी?

बालोद। तंत्र-मंत्र और गड़ा धन निकालने का लालच देकर एक ग्रामीण से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ग्राम जगन्नाथपुर निवासी दिलीप पटवा ने थाना बालोद में शिकायत दर्ज कराई है कि इलाहाबाद के घुरपुर निवासी वसीम खान ने ‘खजाना निकालने’ और ‘शक्तिपुंज’ नामक वस्तु की आड़ में उनसे और उनके दो साथियों से मिलाकर करीब 7 लाख 07 हजार रुपये हड़प लिए। शिकायत का अध्ययन करने के बाद पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0508/25 दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2022–2023 के दौरान वसीम खान, जगन्नाथपुर के ही अकबर खान का रिश्तेदार बनकर गांव आया था। उसने राजेश डोंगरे के खाली मकान में रुकने के दौरान दावा किया कि घर में ‘गड़ा धन’ दबा है जिसे विशेष पूजा और तंत्र-मंत्र से बाहर निकाला जा सकता है। शिकायत के मुताबिक, इसी बहाने पहले ₹22 हजार का पूजा-सामग्री खर्च बताकर राशि ली गई।

दिलीप पटवा और उनके साथी राजेश डोंगरे ने बताया कि रात में कथित पूजा-पाठ के दौरान वसीम ने एक गड्ढे से मटका निकालकर उसमें सोने जैसे सिक्के दिखाए और कहा कि नीचे दो और मटके हैं जिनमें करोड़ों का खजाना है। इसके ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर शक्तिपुंज नामक महंगा पदार्थ खरीदने की बात कहकर और लाखों रुपये की मांग की गई।

शिकायत में उल्लेख है कि वसीम उन्हें इलाहाबाद ले गया, जहां उसने शक्तिपुंज दिखाकर और अधिक रकम जुटाने को कहा। इस प्रक्रिया में दिलीप पटवा ने अपना बुढ़ापारा स्थित 3.50 डिसमिल का जमीन का हिस्सा वसीम की पत्नी अकबरी खान के नाम रजिस्ट्री कर दिया, जिसकी कीमत लगभग ₹5 लाख बताई गई है। इसके अलावा फोनपे और नकद मिलाकर 1,77,000 रुपये और दिए गए।
इसके अतिरिक्त नामदेव साहू से ₹8,000 की ठगी का आरोप भी दर्ज कराया गया है। कुल मिलाकर शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उनके साथ ₹7,07,000 की धोखाधड़ी हुई।

शिकायतकर्ता ने कहा कि तंत्र-मंत्र वाले माहौल के कारण वे डरे हुए थे और लंबे समय तक किसी को कुछ बताने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
थाना बालोद पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 3(5) एवं 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि आरोपों की सत्यता जांच के दौरान स्पष्ट होगी। अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर इस तरह की ठगी ग्रामीण इलाकों में लगातार बढ़ते जोखिम को दर्शाती है। पुलिस ने लोगों से ऐसी गतिविधियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या प्रस्ताव की तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!